धनबाद: धनबाद जिले के गोविंदपुर थाना अंतर्गत मोरंगा गांव में शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में 17 वर्षीय अनुराग महतो की मौत हो गई। रात करीब 1:45 बजे अपूर्व महतो के पुराने जर्जर मकान की छत अचानक भरभरा कर गिर पड़ी, जिससे घर में सोया अनुराग मलबे में दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में अनुराग के माता-पिता अपूर्व महतो और रेखा महतो घायल हो गए।
read more: किसानों की मर्जी के खिलाफ जमीन अधिग्रहण नहीं होने दिया जाएगा – मथुरा प्रसाद महतो
जर्जर स्थिति में था घर
बताया जाता है कि अपूर्व महतो का घर बहुत पुराना और जर्जर स्थिति में था। घर की सीमेंटेड छत एक कोठा (लकड़ी, बांस और मिट्टी से बना) के ऊपर थी, जिस पर बारिश से बचने के लिए प्लास्टिक डाला गया था। लगातार बारिश और सीलन के कारण छत कमजोर हो चुकी थी और शनिवार रात गिर गई। अनुराग घर के भीतर दरवाजा बंद कर खटिया पर सोया था जबकि माता-पिता बरामदे में सोए थे।छत गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़े और बचाव कार्य में जुट गए। ग्रामीणों ने मलबा हटाकर अनुराग को बाहर निकाला और पास के नर्सिंग होम ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
read more: दामोदर नदी के मोहलबनी घाट पर स्नान करने गए दो युवक की डूबने से मौत
गांव में मचा कोहराम
घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया। मृतक के चाचा दिलीप महतो और उनकी पत्नी सविता महतो सदमे से बेहोश हो गए, जिन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अपूर्व महतो के तीन बच्चे हैं – दो बेटे विष्णु और अनुराग तथा एक बेटी ममता कुमारी। अनुराग इसी वर्ष आदर्श उच्च विद्यालय जामकुदर से मैट्रिक में फर्स्ट डिवीजन से पास हुआ था। स्थानीय लोगों ने बताया कि अपूर्व महतो ने खराब आर्थिक स्थिति के चलते कई बार “अबुआ आवास” योजना के तहत आवेदन दिया, लेकिन कोई लाभ नहीं मिला। वे एक टेंपो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
read more: कॉमर्स में रांची टॉपर बनी आदिवासी बेटी, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने किया सम्मानित
भाजपा नेत्री तारा देवी हरसंभव मदद दिलाने का दिया आश्वासन
वहीं घटना की सूचना मिलते ही भाजपा नेत्री तारा देवी मोरंगा पहुंचीं और पीड़ित परिवार को हरसंभव सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने प्रखंड प्रशासन से परिवार को आवास और पारिवारिक लाभ योजना का लाभ देने की अपील की। रविवार दोपहर अनुराग महतो का अंतिम संस्कार किया गया। इस हादसे ने पूरे गांव को गहरे शोक में डाल दिया है।
read more: एक बार फिर दो दिन रद्द रहेगी धनबाद-झाड़ग्राम मेमू, यात्रियों को फिर हुई परेशानी












