Dhanbad: जिले के सबसे बड़े सरकारी स्वास्थ्य केंद्र सदर अस्पताल धनबाद ने बीते तीन महीनों में अभूतपूर्व प्रगति दर्ज की है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन की लगातार समीक्षा और निगरानी के बाद अस्पताल की सेवाओं में 207% सुधार दर्ज किया गया है। बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की वजह से अब प्रतिदिन औसतन 571 मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं।
ओपीडी और डायलिसिस सेवाओं में तेजी से बढ़ोतरी
जून से अगस्त 2025 के बीच कुल 52,549 मरीज अस्पताल पहुंचे।
- ओपीडी में जून के 6,797 मरीज, अगस्त तक बढ़कर 11,868 मरीज हो गए। तीन माह में कुल 30,477 लोग ओपीडी सेवाओं से लाभान्वित हुए।
- डायलिसिस की सुविधा का भी मरीजों ने व्यापक लाभ उठाया और 2,372 मरीजों का सफल डायलिसिस किया गया।
प्रसूति और जांच सेवाओं में सफलता
- 541 नॉर्मल डिलीवरी और 386 सी-सेक्शन ऑपरेशन किए गए।
- अस्पताल की लैब में 8,289 सैंपल की टेस्टिंग हुई।
- सफल उपचार के बाद 1,111 मरीज डिस्चार्ज किए गए।
सर्जरी और अन्य सेवाएं
- 42 मेजर और 104 माइनर सर्जरी संपन्न।
- दंत चिकित्सा में 426 मरीजों का इलाज।
- 1,060 मरीजों की ड्रेसिंग की गई।
- एमटीसी (Malnutrition Treatment Centre) में 2,005 बच्चों को पौष्टिक आहार से उपचार मिला।
- आपातकालीन सेवा में 38 मरीजों का सफल इलाज किया गया।
आधुनिक लैब और जांच सुविधाएं शुरू
सदर अस्पताल अब आधुनिक जांच मशीनों से लैस है। यहां लिवर प्रोफाइल, किडनी प्रोफाइल, लिपिड प्रोफाइल, पैंक्रियाटिक एंजाइम, सीरम कैल्शियम, एलडीएच और हेमेटोलॉजी टेस्ट पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध हैं।
लैब को बायोकेमेस्ट्री सेमी ऑटोमेटिक एनालाइजर, इलेक्ट्रोलाइट एनालाइजर, एचडी बायो सेंसर, एलाइजा मशीन और CBC मशीन जैसी अत्याधुनिक तकनीकों से सुसज्जित किया गया है।
विशेषज्ञ डॉक्टर और 24 घंटे आपातकालीन सेवाएं
अस्पताल में वर्तमान में हड्डी रोग, फिजिशियन, सर्जरी, नेत्र, दंत, शिशु रोग, मनोरोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग, फिजियोथेरेपी और ईएनटी विशेषज्ञ मौजूद हैं।
गायनी इमर्जेंसी और जनरल इमर्जेंसी में 24 घंटे चिकित्सक सेवाएं उपलब्ध हैं, जिससे मरीजों को तुरंत इलाज मिल पा रहा है।












