Jharkhand News: झारखंड की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घोषणा की है कि राज्य में जल्द ही 26,000 शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। मुख्यमंत्री मंगलवार को झारखंड मंत्रालय में आयोजित नव नियुक्त स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य और गोड्डा जिला के इंटर प्रशिक्षित सहायक आचार्य को नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गणित और विज्ञान के 131 प्रशिक्षित सहायक आचार्य और गोड्डा के 170 इंटर प्रशिक्षित सहायक आचार्य को नियुक्ति पत्र सौंपे।
शिक्षा की बेहतरी के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्राथमिक, माध्यमिक, इंजीनियरिंग, मेडिकल और उच्च शिक्षा के क्षेत्रों में व्यापक सुधार के लिए लगातार प्रयास कर रही है। शिक्षा को आधुनिक और सुलभ बनाने के लिए डिजिटल टेक्नोलॉजी का उपयोग किया जा रहा है, और सरकारी स्कूलों को निजी स्कूलों के समरूप बनाने का लक्ष्य है।
read more- उत्तराखंड में फिर फटा कहर का बादल! चमोली में 6 घर जमींदोज, 7 लोग गायब!
शिक्षकों को जिम्मेदारी और सरकार का साथ
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने नियुक्त शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि “आप सभी पर शिक्षा व्यवस्था की मजबूत रीढ़ बनने की जिम्मेदारी है। यदि शिक्षा में कमी रह गई तो उसका खामियाजा आने वाली पीढ़ी को भुगतना पड़ेगा।”
उन्होंने यह भी कहा कि गरीब परिवार भी बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाने का सपना देखते हैं, और यह शिक्षकों की जिम्मेदारी है कि वे उस सपने को साकार करें।
सरकार को शिक्षकों से सुझाव की उम्मीद
हेमंत सोरेन ने कहा कि शिक्षकों के सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन सरकारी स्कूलों को उत्कृष्ट स्कूल के रूप में विकसित किया गया, वहां अभिभावक अब निजी स्कूलों से नाम कटवाकर अपने बच्चों का दाखिला करवा रहे हैं।
read more- सिंदरी की युवती प्रेमनगर के युवक के साथ लापता, परिजनों ने जताई अपहरण की आशंका
डिजिटल एजुकेशन पर ज़ोर
मुख्यमंत्री ने बताया कि अब स्कूलों में डिजिटल ब्लैकबोर्ड, स्मार्ट क्लास और टेक्नोलॉजी आधारित शिक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा है। इससे झारखंड के बच्चे देश-दुनिया के मुकाबले में पीछे नहीं रहेंगे।











