National News: आपातकाल की घोषणा के 50 वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की अहम बैठक में देश के इतिहास को याद करते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया गया. साथ ही, बैठक में झारखंड, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश को बड़ी सौगातें दी गईं.
बैठक में जहां इमरजेंसी के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी गई, वहीं तीन बड़े विकासात्मक प्रस्तावों को भी स्वीकृति दी गई. केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रेस ब्रीफिंग में इन सभी निर्णयों की जानकारी दी.
इमरजेंसी के 50 साल: बलिदानियों को याद कर लिया गया संकल्प
प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में 1975 की इमरजेंसी के दौरान लोकतांत्रिक अधिकारों के दमन और संविधान की अवहेलना का विरोध करने वाले असंख्य लोगों को श्रद्धांजलि दी गई. दो मिनट का मौन रखकर उनके साहस और बलिदान को सम्मानित किया गया. मंत्रिमंडल ने संकल्प लिया कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए यह बलिदान हमेशा स्मरणीय रहेगा.
read more- रांची में 250 करोड़ का स्क्रैप बैटरी Scam, फर्जी कंपनियों से 50 करोड़ का GST FRAUD
तीन बड़े फैसले: महाराष्ट्र, झारखंड और उत्तर प्रदेश को मिला विकास का पैकेज
1. पुणे मेट्रो विस्तार के लिए ₹3,626 करोड़ की मंजूरी
- पुणे मेट्रो रेल परियोजना के फेज-2 को हरी झंडी दी गई.
- वनाज से चांदनी चौक और रामवाड़ी से वाघोली/विट्ठलवाड़ी तक 75 किमी का एलिवेटेड कॉरिडोर बनाया जाएगा.
- इसमें कुल 13 स्टेशन होंगे.
2. झरिया (झारखंड) में भूमिगत आग के समाधान के लिए ₹5,940 करोड़ मंजूर
- झरिया कोयला खदान में लंबे समय से चल रही भूमिगत आग के समाधान हेतु संशोधित मास्टर प्लान को मंजूरी.
- इस योजना से विस्थापितों का पुनर्वास और पर्यावरणीय सुधार संभव होगा.
3. आगरा में ₹111 करोड़ की लागत से अंतरराष्ट्रीय आलू केंद्र स्थापित होगा
- उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के सिंगना में साउथ एशिया रीजनल सेंटर ऑफ इंटरनेशनल पोटैटो सेंटर (CIP) की स्थापना.
- इसका उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना, खाद्य एवं पोषण सुरक्षा और रोजगार के नए अवसर सृजित करना है.
read more- रांची को मिलेगा मेट्रो! झारखंड मंत्री ने केंद्रीय मंत्री से की ये अहम मांग
भारत के अंतरिक्ष मिशन पर गर्व: शुभांशु शुक्ला की तारीफ
कैबिनेट बैठक में ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के Axiom Mission 4 में शामिल होने को लेकर भी प्रस्ताव पढ़ा गया. मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि शुक्ला अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर जाने वाले पहले भारतीय बन सकते हैं. वे भारत सहित चार देशों के अंतरिक्ष यात्रियों के साथ इस मिशन का हिस्सा हैं.












