Jharkhand News: झारखंड की राजनीति और सामाजिक आंदोलन का चेहरा माने जाने वाले दिशोम गुरु शिबू सोरेन के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए आज राज्यभर की मस्जिदों में विशेष दुआ का आयोजन किया गया. यह पहल वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व सांसद फुरकान अंसारी की अपील पर की गई, जिसे राज्य के कोने-कोने से अभूतपूर्व समर्थन मिला.
राज्यभर की मस्जिदों में गूंजीं दुआएं
हज़ारों की संख्या में लोगों ने मस्जिदों में पहुंचकर अल्लाह से शिबू सोरेन की सलामती और जल्द स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की. इस मौके पर धार्मिक नेता, सामाजिक संगठन, और आम नागरिक भावनात्मक रूप से शामिल हुए.
read more- दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती शिबू सोरेन, जानिए फिलहाल उनकी हालत कैसी है?
पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने क्या कहा?
फुरकान अंसारी ने इस अवसर पर कहा कि शिबू सोरेन सिर्फ एक राजनेता नहीं, बल्कि झारखंड की आत्मा हैं. उन्होंने ज़िंदगी भर गरीबों, आदिवासियों और अल्पसंख्यकों की आवाज़ को मजबूती दी है. आज जब वे अस्वस्थ हैं, तो यह हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी बनती है कि हम उनके लिए दुआ करें. उन्होंने आगे कहा कि राज्य की जनता की दुआएं और शुभकामनाएं गुरुजी के साथ हैं.
मालूम हो कि, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन वर्तमान में दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती हैं, जहां नेफ्रोलॉजी, कार्डियोलॉजी और न्यूरोलॉजी विशेषज्ञों की एक टीम उनकी देखरेख में लगी हुई है. शिबू सोरेन किडनी की गंभीर समस्या से पीड़ित हैं, जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अस्पताल प्रबंधन द्वारा अब तक उनकी हालत को स्थिर लेकिन गंभीर बताया गया है.












