रांची: झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर एक बार फिर हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सिमडेगा ज़िले के चुंदियारी गांव की एक दर्दनाक घटना का हवाला देते हुए कहा कि राज्य की हालत 21वीं सदी में भी 18वीं सदी जैसी बनी हुई है। मरांडी ने बताया कि चुंदियारी गांव की एक बुज़ुर्ग महिला गंगो देवी की कमर में गंभीर चोट आई, लेकिन गांव में न सड़क थी, न स्वास्थ्य सुविधा, और न ही एम्बुलेंस पहुंची। मजबूर परिजनों को उन्हें खाट पर लादकर तीन किलोमीटर पैदल ले जाना पड़ा।
स्वास्थ्य और सड़को पर हेमंत सरकार कर रही हजारों करोड़ रुपये खर्च
उन्होंने कहा, शर्म की बात यह है कि यह सब उस राज्य में हो रहा है जहाँ स्वास्थ्य और सड़कों पर हेमंत सरकार हजारों करोड़ रुपये के बजट का दावा करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस वर्ष सरकार ने स्वास्थ्य पर ₹3497 करोड़ और सड़कों व पुलों पर ₹5300 करोड़ खर्च करने की घोषणा की थी, फिर भी जमीनी स्थिति भयावह है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, इतना पैसा गया कहाँ? इसका जवाब तो हम सबको पता है। मरांडी ने हेमंत सरकार पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा, जब भ्रष्टाचार करने की बात आती है तो सरकार सुरसा से भी बड़ा मुँह खोल लेती है, लेकिन जब जवाबदेही की बात होती है तो सब गूंगे बहरे बन जाते हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील की कि राजनीति से ऊपर उठकर संवेदनशीलता दिखाएं और यह सुनिश्चित करें कि अब किसी भी झारखंडवासी को इलाज के लिए खाट पर लादकर नहीं जाना पड़े।











