Bihar News: औरंगाबाद जिले के दाउदनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत जिनोरिया बस स्टैंड के पास रविवार रात एक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. यह विवाद लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को मुख्यमंत्री बनाए जाने की चर्चा के दौरान दो पक्षों के बीच हुआ, जिसमें एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया.
घायल युवक की पहचान
हमले में गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान दाउदनगर प्रखंड के कर्मा पंचायत अध्यक्ष मृत्युंजय पासवान के रूप में हुई है. वह लोजपा (रामविलास) के सक्रिय नेता हैं और रविवार को पार्टी द्वारा राजगीर में आयोजित रैली में भाग लेकर लौटे थे.
read more- BPSC 71वीं भर्ती 2025: आज अंतिम मौका! जानिए आवेदन प्रक्रिया
घटना का विवरण
घटना उस समय हुई जब मृत्युंजय पासवान जिनोरिया बस स्टैंड के पास स्थित एक मेडिकल स्टोर पर दवा लेने गए थे. वहां पहले से मौजूद कर्मा गांव के गोविंद सिंह और झवई गांव के रवि यादव से उनकी चिराग पासवान को लेकर बहस हो गई. बहस के दौरान आरोपियों ने कहा कि “चिराग पासवान कभी मुख्यमंत्री नहीं बन सकते और तुम लोग ओबरा विधानसभा से चुनाव नहीं जीत सकते.”
मामला बढ़ने पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की गई और फिर गोविंद सिंह ने चाकू से मृत्युंजय के सिर पर कई वार किए. हमले में गंभीर रूप से घायल मृत्युंजय को पहले दाउदनगर अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.
मृत्युंजय के पिता कपिल देव पासवान ने कहा…
मृत्युंजय के पिता कपिल देव पासवान ने बताया कि उनका बेटा लोजपा (रामविलास) की रैली से लौटकर दवा लेने गया था, जब यह हमला हुआ. घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया.
घटना की पुष्टि करते हुए दाउदनगर थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि चाकू से हमले की सूचना मिली है और घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.













