Ranchi : झारखंड में मानसून की शुरुआत के साथ ही लगातार हो रही भारी बारिश ने चिंता बढ़ा दी है। कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। इस स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जनता को आश्वस्त करते हुए कहा है कि सरकार हर प्रभावित व्यक्ति के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव मदद पहुंचाई जा रही है।
read more: हूल दिवस पर मंत्री इरफान अंसारी ने कहा अंग्रेजों से ज्यादा खतरनाक है भाजपा
वीडियो संदेश जारी कर कहा सीएम ने किया संबोधित
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के माध्यम से एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि राज्य में बारिश की तीव्रता शुरुआती दौर से ही असामान्य है, जो पर्यावरणीय असंतुलन की ओर इशारा करती है। उन्होंने कहा कि सरकार पूरे हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव कार्य प्राथमिकता के आधार पर चलाए जा रहे हैं।
जिला स्तर पर कंट्रोल रूम किया गया सक्रिय
झारखंड के कई हिस्सों में जलजमाव और बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। मुख्यमंत्री ने बताया कि आपदा प्रबंधन विभाग, जिला प्रशासन और स्थानीय निकाय मिलकर राहत कार्यों को सुचारु रूप से अंजाम दे रहे हैं। सरकार ने जिला स्तर पर कंट्रोल रूम सक्रिय कर दिए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सके। साथ ही जनता से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
नागरिकों को सतर्क रहने की सीएम ने की अपिल
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि बदलते मौसम के पैटर्न और लगातार हो रही भारी वर्षा पर्यावरणीय चुनौतियों का संकेत हैं, जिनसे निपटने के लिए दीर्घकालिक रणनीति की आवश्यकता है। उन्होंने नागरिकों से सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर प्रशासन से संपर्क करने की अपील की।राज्य सरकार ने भरोसा दिलाया है कि सभी प्रभावितों को राहत सामग्री, चिकित्सा सुविधा और सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है












