रांची: पांकी से विधायक कुशवाहा शशिभूषण मेहता साइबर ठगी के शिकार हो गए हैं. गाड़ी की नीलामी में भाग लेने का झांसा देकर साइबर ठगों ने उनसे 1.27 लाख रुपये की ठगी कर ली. इस मामले में विधायक ने रांची साइबर थाना में तीन आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है.
10 प्रतिशत एडवांस और 1.27 लाख रुपये जमा करने को कहा
शिकायत के अनुसार, घटना 26 जून की सुबह की है जब विधायक मुंबई में लोकसभा की प्राक्कलन समिति की बैठक में भाग लेने गए थे. उसी दौरान करीब 9 बजे उनके मोबाइल पर रितेश नामक व्यक्ति का कॉल आया, जिसने खुद को GST विभाग का अधिकारी बताया.रितेश ने बताया कि पश्चिम बंगाल के मालदा में जब्त गाड़ियों की नीलामी चल रही है. उसने विधायक को व्हाट्सएप पर कई गाड़ियों की तस्वीरें भेजीं और एक टोयोटा फॉर्च्यूनर गाड़ी की कीमत 12.70 लाख रुपये बताई. नीलामी में भाग लेने के लिए रितेश ने 10 प्रतिशत एडवांस यानी 1.27 लाख रुपये जमा करने को कहा.
साइबर थाना में मामला दर्ज कराया
बाद में रितेश ने विधायक को अनूप नामक एक व्यक्ति का नंबर दिया. संपर्क करने पर अनूप ने आकाश सिन्हा नाम के व्यक्ति का बैंक खाता नंबर साझा किया. विधायक ने अपने निजी सहायक सरोज कुमार चटर्जी से उस खाते में पैसे ट्रांसफर करवा दिए. रकम भेजने के बाद ठगों ने एक फर्जी रसीद भेज दी और फिर सभी के मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गए. जब बार-बार संपर्क करने के बावजूद बात नहीं हो पाई, तो विधायक ने रितेश कुमार, अनूप कुमार और आकाश सिन्हा के खिलाफ साइबर थाना में मामला दर्ज कराया.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक तौर पर यह मामला सुनियोजित साइबर गिरोह की करतूत मानी जा रही है.












