गिरिडीह-देवघर मुख्य मार्ग पर मंगलवार रात भीषण सड़क हादसे में पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं. यह हादसा बेंगाबाद थाना क्षेत्र के मधवा टोल टैक्स के पास हुआ, जब एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने स्विफ्ट डिजायर कार को जोरदार टक्कर मार दी.
मृतकों की पहचान नवडीहा ओपी क्षेत्र के जंगरीडीह निवासी लिलो तुरी, उनके बेटे राजन तुरी और छोटू तुरी के रूप में हुई है. सभी लोग बेंगाबाद थाना क्षेत्र के महुआर गांव में स्थित एक रिश्तेदार के यहां पूजा में शामिल होकर वापस लौट रहे थे. देर रात प्रसाद ग्रहण करने के बाद जब उनका वाहन मधवा टोल टैक्स के समीप पहुंचा, तभी यह हादसा हुआ.
READ MORE: HEC को नहीं किया जाएगा बंद, जल्द होगा पुनरुद्धार: संसदीय समिति अध्यक्ष
गिरिडीह सदर अस्पताल में कराया गया भर्ती
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे में संगीता देवी और सोनी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से गिरिडीह सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात ट्रक की तलाश शुरू कर दी गई है. घटना के बाद से मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और अस्पताल परिसर में मातम पसरा हुआ है.












