Ranchi: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के बुधवार, 10 जुलाई को रांची पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, वह होटल रेडिशन ब्लू में आयोजित पूर्वी क्षेत्रीय परिषद (Eastern Zonal Council) की बैठक में भाग लेंगे।
इस अहम बैठक में देश के गृह मंत्री अमित शाह 10 जुलाई को अध्यक्षता करेंगे। गृह मंत्री 9 जुलाई को ही रांची पहुंचने वाले हैं। बैठक में बिहार, झारखंड और ओडिशा के मुख्यमंत्री हिस्सा लेंगे और कानून-व्यवस्था, विकास योजनाओं और अंतर-राज्यीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
कैबिनेट बैठक की भी करेंगे अध्यक्षता
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 11 जुलाई को राज्य की कैबिनेट बैठक की भी अध्यक्षता करेंगे। माना जा रहा है कि इस बैठक में कई अहम नीतिगत फैसलों पर मुहर लग सकती है।
गुरुजी के स्वास्थ्य पर नजर
बताया जा रहा है कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के संरक्षक शिबू सोरेन (गुरुजी) के स्वास्थ्य में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है, लेकिन वे अभी पूरी तरह स्वस्थ नहीं हैं। इसी वजह से यह संभावना है कि मुख्यमंत्री 12 जुलाई को दिल्ली वापस लौट सकते हैं, जहां वे पिछले दो हफ्तों से रहकर राज्य सरकार की गतिविधियों की निगरानी कर रहे हैं।













