Ranchi : झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस लीगल सेल ने साइबर क्राइम को लेकर बड़ा कदम उठाया है। राहुल गांधी की छवि धूमिल करने के प्रयास के खिलाफ साइबर थाना रांची में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
बताया गया कि बिहार प्रदेश महिला कांग्रेस द्वारा महिलाओं के बीच स्वच्छता और जागरूकता के लिए चलाए जा रहे सैनिटरी पैड वितरण कार्यक्रम को बदनाम करने के उद्देश्य से सोशल मीडिया पर राहुल गांधी की तस्वीर के साथ छेड़छाड़ की गई। तस्वीर को सैनिटरी पैड के अंदर डालकर आपत्तिजनक रूप में वायरल किया गया।
इस मामले में झारखंड युवा कांग्रेस की सदस्य शिल्पी कुमारी ने शिकायत दर्ज कराई है। प्रदेश युवा कांग्रेस लीगल सेल के अध्यक्ष अमृत सिंह ने कहा कि विरोधी राहुल गांधी की लोकप्रियता से डरते हैं, इसलिए उनकी छवि को गलत तरीके से पेश करने की साजिश रच रहे हैं।
शिकायत दर्ज कराने के दौरान कांग्रेस के प्रवक्ता ऋषिकेश, प्रदेश समन्वयक रोहन ठाकुर, शिल्पी कुमारी, योगेश्वर महतो और मोकीम अंसारी भी मौजूद थे।













