Jharkhand News: झारखंड में मनचाहा ब्रांड की शराब मिलने में अभी थोड़ा वक्त लगेगा, लेकिन उत्पाद विभाग का दावा है कि एक सप्ताह के अंदर राज्य में खुदरा शराब की बिक्री पूरी तरह से सामान्य हो जाएगी. फिलहाल झारखंड के 1452 शराब दुकानों में से 1359 दुकानों का ऑडिट पूरा हो चुका है. नई शराब नीति के तहत आज 410 नई दुकानें खोली गई हैं, जो कल की तुलना में दोगुनी से अधिक हैं.
मुख्य शहरों में खुली नई शराब दुकानें और सुरक्षा व्यवस्था
रांची में 55, जमशेदपुर में 34, धनबाद में 30 और हजारीबाग में 22 नई शराब दुकानें खोली गई हैं. इन दुकानों में नए सेल्समैन की नियुक्ति के साथ सुरक्षा व्यवस्था के लिए होमगार्ड के जवान भी तैनात किए गए हैं. अधिकारियों के अनुसार, झारखंड में जल्द ही नई शराब नीति अधिसूचित की जाएगी, जिसके बाद निजी हाथों में शराब की बिक्री सौंपने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी.
शराब आपूर्ति में देरी के कारण और समाधान
शराब की आपूर्ति में देरी का कारण पूर्व में भुगतान में बाधाएं और प्रशासनिक गड़बड़ियां रही हैं. प्लेसमेंट एजेंसियों की गलतियों के कारण सरकार ने भुगतान रोक दिया था. साथ ही, पूर्व उत्पाद आयुक्त के प्रशिक्षण पर जाने और चेक पर साइन करने वाले दो अधिकारियों के एसीबी द्वारा गिरफ्तार होने के कारण भुगतान में अड़चन आई थी.
विभाग ने भुगतान प्रक्रिया को सुचारू किया
अब विभाग ने चेक पर हस्ताक्षर करने वाले एक अधिकारी की नियुक्ति कर दी है, जिससे भुगतान प्रक्रिया फिर से सुचारू हो गई है. इससे झारखंड में शराब निर्माता कंपनियों की आपूर्ति जल्द ही नियमित हो जाएगी. उत्पाद विभाग का अनुमान है कि अगले एक सप्ताह के भीतर झारखंड की शराब की दुकानों पर सभी प्रमुख ब्रांड की शराब उपलब्ध हो जाएगी.












