Bihar Politics News: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्र सरकार में मंत्री चिराग पासवान को इंस्टाग्राम के माध्यम से जान से मारने की धमकी दी गई है. जानकारी के अनुसार, एक शख्स जिसने खुद को “अमरेश” बताया है, ने उन्हें 20 जुलाई तक बम से उड़ाने की धमकी दी है. इस धमकी के बाद पार्टी में हड़कंप मच गया है.
पार्टी ने दर्ज कराई एफआईआर
घटना की जानकारी मिलते ही लोजपा (रा) के मुख्य प्रवक्ता राजेश भट्ट और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता संबंधित थाने पहुंचे और इस संबंध में एफआईआर दर्ज कराई. उन्होंने पुलिस से मांग की कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू की जाए और आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए.
केंद्र सरकार में मंत्री हैं चिराग पासवान
चिराग पासवान फिलहाल केंद्र की मोदी सरकार में मंत्री हैं और हाल ही में संपन्न हुए 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने हाजीपुर सीट से जीत हासिल की थी. यह धमकी ऐसे समय में सामने आई है जब चिराग पासवान बिहार की राजनीति में अपनी सक्रियता को और विस्तार देने की योजना बना रहे हैं.
सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा
कुछ दिनों पहले चिराग पासवान ने एलान किया था कि लोजपा (रामविलास) आगामी 2025 बिहार विधानसभा चुनाव में सभी 243 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी. साथ ही उन्होंने खुद भी विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की थी. उनकी इस राजनीतिक घोषणा के बाद से बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई थी.
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
अब मिली धमकी ने न केवल चिराग पासवान की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि उनकी बढ़ती राजनीतिक सक्रियता कुछ असामाजिक तत्वों को रास नहीं आ रही है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपी की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं.













