Jharkhand News: झारखंड में पुलिस प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। राज्य सरकार जल्द ही 103 पुलिस उपाधीक्षक (DSP) अधिकारियों का पदस्थापन करने जा रही है। गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने इसकी पूरी तैयारी कर ली है और अब केवल मुख्यमंत्री की स्वीकृति का इंतजार है।
64 पदोन्नत और 39 नव नियुक्त अधिकारी
इन 103 अधिकारियों में से 64 डीएसपी वे हैं जिन्हें हाल ही में पुलिस निरीक्षक (Inspector) पद से प्रमोशन देकर डीएसपी बनाया गया है। वहीं, 39 अधिकारी नव नियुक्त हैं, जिन्होंने हाल ही में अपना प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया है।
दो दिनों में हो सकती है अधिसूचना जारी
सूत्रों के अनुसार, संबंधित फाइल मुख्यमंत्री कार्यालय भेज दी गई है और दो दिनों के भीतर अधिसूचना जारी होने की उम्मीद है। इसके बाद सभी अधिकारियों की पोस्टिंग उनके नए कार्यक्षेत्रों में की जाएगी।
सम्मान के साथ किया जा रहा प्रोन्नत अधिकारियों का स्वागत
प्रोन्नत डीएसपी अधिकारियों को सम्मानित करने की प्रक्रिया भी राज्यभर में चल रही है। सभी जिलों में वरिष्ठ अधिकारी ‘पाइपिंग सेरेमनी’ के माध्यम से नवप्रोन्नत डीएसपी को उनके नए रैंक के प्रतीक चिन्ह प्रदान कर रहे हैं। यह प्रक्रिया अधिकतर जिलों में पूरी हो चुकी है।
जल्द संभालेंगे नई जिम्मेदारियां
जैसे ही पदस्थापन की अधिसूचना जारी होगी, सभी अधिकारी अपने-अपने जिलों में नई जिम्मेदारियों को संभालने के लिए रवाना हो जाएंगे। यह कदम राज्य की कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।












