Deoghar: सावन की पहली सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथधाम में आस्था का महा सैलाब उमड़ पड़ा। आज तड़के 4:12 बजे मंदिर के पट खुलते ही शिव भक्तों ने “बोल बम” और “जय शिव” के जयकारों के साथ जलार्पण की शुरुआत की। रात्रि से ही मंदिर प्रांगण में भक्तों की लंबी कतार लगी हुई थी, जो आज चमारीडीह पुल तक फैल गई। श्रद्धालुओं की कतार लगभग 8 किलोमीटर से भी अधिक लंबी हो चुकी है।
2 लाख से अधिक भक्तों ने किया जलार्पण
प्रशासन के मुताबिक, पहली सोमवारी को अब तक 2 लाख से ज्यादा कांवरिये बाबा धाम पहुंच चुके हैं। भक्तों का उत्साह देखते ही बनता है। हर तरफ “बोल बम” के जयकारों की गूंज और डमरू की ध्वनि से पूरा शहर शिवमय हो गया है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
श्रावणी मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद है। उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा, एसपी अजीत पीटर डुंगडुंग के साथ राज्य सरकार द्वारा भेजे गए दो अतिरिक्त एसपी दीपक पांडे और मनोज स्वर्गियारी भी सुरक्षा की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। भीड़ को नियंत्रित करने और भक्तों को सुविधा देने के लिए बाह्य अर्घा की भी व्यवस्था की गई है, जहां से सीधा बाबा पर जलार्पण किया जा रहा है।
डाक बम को भी नहीं मिली विशेष सुविधा
इस बार मेले में किसी भी व्यक्ति को वीआईपी ट्रीटमेंट नहीं दिया जा रहा है। यहां तक कि डाक बम को भी आम श्रद्धालुओं की तरह ही कतार में लगकर जलार्पण करना पड़ रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सभी भक्तों के लिए नियम समान हैं।












