PATNA: पटना स्थित आयकर कार्यालय में मंगलवार शाम केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की. यह कार्रवाई कथित भ्रष्टाचार से जुड़े एक मामले में की गई, जिसमें सीबीआई की टीम ने दो कर्मचारियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है. इनमें से एक कर्मचारी इन्वेंशन यूनिट का इंस्पेक्टर बताया जा रहा है, जबकि दूसरा मल्टीटास्किंग स्टाफ है.
जैसे ही सीबीआई ने इनकम टैक्स ऑफिस में दबिश दी, वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सूत्रों के अनुसार, दोनों कर्मचारियों को बिना किसी आधिकारिक बयान के सीबीआई टीम अपने साथ ले गई. इनकम टैक्स विभाग के किसी अधिकारी ने इस मामले में सार्वजनिक रूप से कुछ भी कहने से परहेज किया है.
सूत्रों का कहना है कि यह कार्रवाई कथित रूप से घूसखोरी से जुड़े मामले में हुई है, जिसके पीछे सीबीआई के पास ठोस जानकारी थी. हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि किस विशेष मामले में यह कार्रवाई हुई है, क्योंकि सीबीआई की ओर से अब तक कोई आधिकारिक विवरण साझा नहीं किया गया है.
झारखंड में भी सीबीआई की बड़ी कार्रवाई
इस बीच, झारखंड में भी सीबीआई ने भ्रष्टाचार के एक अन्य मामले में बड़ी कार्रवाई की है. यहां एक हाईवे प्रोजेक्ट से संबंधित केस में सीबीआई ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के तीन अधिकारियों को गिरफ्तार किया है. इनमें विवाद समाधान बोर्ड के सदस्य और पूर्व इंजीनियर राकेश भसीन, तथा NHAI के दो उप प्रबंधक—स्वतंत्र गौरव और विश्वजीत सिंह शामिल हैं. इन पर एक निजी इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी को फायदा पहुंचाने के बदले 10 लाख रुपये से अधिक की रिश्वत लेने का आरोप है.













