Jamshedpur Crime News: मानगो थाना क्षेत्र के जवाहर नगर में मंगलवार रात करीब 11 बजे दो पक्षों के बीच आपसी विवाद के बाद हवाई फायरिंग की घटना हुई। रोड नंबर 9 पर मामूली बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने पिस्टल निकालकर हवा में गोली चला दी।
घटना की जानकारी मिलते ही मानगो थाना प्रभारी नित्यानंद दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ की और इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया। पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है। हालांकि, इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है।
पुलिस ने बढ़ाई गश्त, सीसीटीवी फुटेज की जांच जारी
पुलिस के अनुसार यह फायरिंग आपसी विवाद का नतीजा थी। घटनास्थल से अब तक कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है। इलाके में दहशत के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और गश्त बढ़ा दी गई है।
मानगो पुलिस टीम ने रोड नंबर 9 और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस ने स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
इलाके में दहशत का माहौल
फायरिंग की आवाज सुनते ही इलाके में दहशत फैल गई और लोग अपने घरों में दुबक गए। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।












