Jharkhand: झारखंड के हजारीबाग जिले के बरही थाना क्षेत्र के जरहिया गांव से मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। गांव के ही कुछ लोगों ने अंधविश्वास के चलते एक विधवा महिला पर डायन होने का आरोप लगाते हुए न सिर्फ उसके साथ मारपीट की, बल्कि उसे निर्वस्त्र कर तंत्र-मंत्र जैसी अमानवीय क्रियाओं को अंजाम दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना का विवरण
पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 18 जुलाई की रात करीब 10 बजे सुरेश यादव, विनोद यादव, मनी यादव, शम्भू यादव, उनकी पत्नियां मनोरमा देवी और किरण देवी तथा कोडरमा निवासी एक ओझा महावीर पांडेय उसके घर में जबरन घुस आए। आरोप है कि इन लोगों ने उसे डायन करार देते हुए निर्वस्त्र कर दिया और उसके शरीर के विभिन्न हिस्सों को ब्लेड से काटकर खून निकाल तांत्रिक कर्मकांड किया।
यह अमानवीय कृत्य रात करीब 3 बजे तक चलता रहा। इस दौरान विनोद यादव ने तांत्रिक क्रिया के नाम पर जबरन 20,000 रुपये भी वसूले। अगले दिन 19 जुलाई की रात पीड़िता को बोलेरो (JH 02 AM 5013) में बैठाकर गया (बिहार) ले जाया गया, जहां उसके सिर के बाल मुंडवाकर झाड़ियों में फेंक दिए गए और पुनः तांत्रिक क्रिया करवाई गई।
वहां आरोपियों ने 80,000 रुपये और मांगे और धमकी दी कि रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। पीड़िता ने मजबूरी में अपने पुत्र से संपर्क कर विनोद यादव के नंबर पर 10,000 रुपये फोन-पे से भेजवाए। 19 जुलाई की रात करीब 10 बजे आरोपियों ने उसे बरही बाजार में छोड़ते हुए चेतावनी दी कि अगर उसने किसी को जानकारी दी तो उसे टुकड़े-टुकड़े कर तिलैया डैम में फेंक देंगे।
पुलिस कार्रवाई
पीड़िता का पुत्र 20 जुलाई की शाम घर लौटा, जिसके बाद मां-बेटे ने बरही थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। बरही थाना में कांड संख्या 268/25 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धाराओं 329(4), 126(2), 127(2), 115(2), 117(2), 118(2), 76, 79, 189(2), 308(2), 351(2) और झारखंड डायन प्रथा (प्रतिषेध) अधिनियम 2001 की धारा 3 एवं 4 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
बरही थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर आभास कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। शम्भू यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
अधिकारियों का बयान
पुलिस ने कहा कि डायन प्रथा जैसी कुप्रथाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।












