Jharkhand: इटकी प्रखंड मुख्यालय में आयोजित भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी प्रतिभा सम्मान समारोह में इस वर्ष 200 मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन छात्रों को दिया गया जिन्होंने मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की मौजूद रहीं।
मंत्री ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के होनहार छात्रों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इस सम्मान की शुरुआत की गई थी और यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा,
“शिक्षा के साथ-साथ छात्रों को अपने चरित्र निर्माण और अनुशासन पर भी ध्यान देना चाहिए। संघर्ष के बिना सफलता संभव नहीं है और यह जीवन के हर पड़ाव पर आवश्यक है।”
ग्रामीण मेधावी छात्रों के लिए बड़ा मंच
2005 से लगातार आयोजित हो रहा यह सम्मान समारोह ग्रामीण छात्रों में शिक्षा के प्रति जागरूकता और आत्मविश्वास बढ़ाने का काम कर रहा है। शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि यह सम्मान छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा और उनके सपनों को ऊंची उड़ान देगा।
मंत्री ने यह भी कहा कि छात्रों की सफलता में अभिभावकों और शिक्षकों की अहम भूमिका है। उन्होंने शिक्षकों को अपने दायित्व के प्रति निष्ठावान रहने की अपील की, क्योंकि आज भी राज्य की 70% आबादी के बच्चे सरकारी स्कूलों में पढ़ते हैं और उनका भविष्य शिक्षकों की कर्तव्यनिष्ठा पर निर्भर करता है।
संघर्ष और सफलता का मंत्र
शिल्पी नेहा तिर्की ने छात्रों को जीवन में चुनौतियों का सामना करते हुए आगे बढ़ने की सलाह दी। उन्होंने कहा,
“सपने वही पूरे करते हैं जो उन्हें खुली आंखों से देखते हैं और लगातार संघर्ष करते रहते हैं। संघर्ष की राह ही सफलता की राह है।”
समारोह में कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित
इस अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य लोग भी उपस्थित थे, जिनमें रमेश महली, राजन किस्पोट्टा, फिरोज अंसारी, अबुमाज, अब्बास अंसारी, अंजुम जमाल, रहमान अंसारी, भोमा सिंह, आकाश लकड़ा, इबरार इमाम और मंजर अंसारी शामिल थे।












