Ranchi News: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा जारी ताजा बुलेटिन के अनुसार, झारखंड और उसके आसपास के क्षेत्रों में एक गहरा दबाव (Depression) सक्रिय है. इसे देखते हुए राज्य के स्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने पूरे झारखंड में हाई अलर्ट घोषित करते हुए स्वास्थ्य और आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं.
डिप्रेशन की स्थिति और संभावित खतरे
IMD के मुताबिक, डिप्रेशन 25 किमी/घंटा की रफ्तार से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है और यह 26 जुलाई की सुबह 5:30 बजे रांची से लगभग 20 किमी उत्तर-पश्चिम में स्थित था.
यह प्रणाली अगले 36 घंटों में उत्तर छत्तीसगढ़, पूर्वोत्तर मध्यप्रदेश और दक्षिण-पूर्वी उत्तरप्रदेश की ओर बढ़ेगी, जिससे भारी बारिश और तेज़ हवाओं की आशंका जताई जा रही है.
read more: Big Breaking: रांची में युवती पर Acid Attack, हालत गंभीर
मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की बड़ी घोषणा: राज्यभर में अलर्ट
राज्य सरकार ने भारी बारिश और संभावित जलजमाव को देखते हुए नागरिकों के लिए सावधानी और स्वास्थ्य दिशा-निर्देशों की सूची जारी की है:
सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देश:
- अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें, विशेषकर बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं और बच्चे.
- निचले इलाकों में जलजमाव की संभावना को देखते हुए सुरक्षित स्थानों की ओर जाएं.
- सभी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को 24×7 इमरजेंसी सेवाओं के लिए अलर्ट पर रखा गया है.
- जिला और ब्लॉक स्तर के स्वास्थ्य अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के लिए तैयार रहने के निर्देश.
- पीने के पानी को उबालकर सेवन करें, साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें.
- किसी भी आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 104 या नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें.
read more: झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र 1 अगस्त से, सत्र की अवधि को लेकर गरमाई सियासत
मंत्री का संदेश: सरकार नहीं, परिवार बनकर साथ खड़े हैं
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि “हमने पूरे राज्य में स्वास्थ्य अलर्ट जारी कर दिया है. हर जिले के अस्पताल हाई अलर्ट पर हैं. हमारी प्राथमिकता हर नागरिक की सुरक्षा है. अस्पतालों से लेकर हेल्पलाइन तक हर व्यवस्था एक्टिव मोड पर है. हम हालात पर लगातार नज़र बनाए हुए हैं.” उन्होंने आगे कहा कि “प्राकृतिक आपदा से घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सतर्क रहना ज़रूरी है. सरकार नहीं, एक ज़िम्मेदार परिवार की तरह हम आपके साथ हैं.”
स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार
स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट किया कि हर संभावित संकट से निपटने के लिए राज्य सरकार ने फील्ड स्टाफ, मेडिकल टीम, एंबुलेंस और रेस्क्यू यूनिट्स को तैयार रखा है. उन्होंने कहा कि जनता को सही सूचना, त्वरित इलाज और सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी.













