Jharkhand: भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित रांची दौरे (31 जुलाई – 1 अगस्त 2025) को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक हुई।
बैठक में राष्ट्रपति दौरे से जुड़े सुरक्षा इंतज़ाम, यातायात व्यवस्था, स्वागत कार्यक्रम, साफ-सफाई, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, शौचालय, और पार्किंग जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई।
सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश
उपायुक्त ने सभी विभागों को उनके दायित्व स्पष्ट करते हुए निर्देश दिया कि राष्ट्रपति का दौरा पूरी तरह से त्रुटिरहित और सुव्यवस्थित तरीके से सम्पन्न हो। उन्होंने कहा कि अधिकारी आपसी समन्वय के साथ सजगता और संवेदनशीलता से अपने-अपने कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करें।
सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष ध्यान
रूटलाइन की सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया। यातायात पुलिस, नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन सेवा और परिवहन विभाग को भी आवश्यक तैयारी पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में शामिल अधिकारी
इस बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि व्यवस्था) राजेश्वरनाथ आलोक, अनुमंडल पदाधिकारी उत्कर्ष कुमार, यातायात पुलिस अधीक्षक कैलाश करमाली, सिविल सर्जन प्रभात कुमार, जिला नजरत उपसमाहर्ता सुदेश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय, जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार, योजना पदाधिकारी सहित बिजली, पेयजल, सड़क, अग्निशमन और अन्य विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
तैयारियों की नियमित समीक्षा होगी
उपायुक्त ने बताया कि दौरे से जुड़ी तैयारियों की लगातार समीक्षा की जाएगी और सभी कार्यों की प्रगति पर निगरानी रखी जाएगी ताकि किसी भी स्तर पर चूक की संभावना न रहे।












