National News: हरिद्वार के प्रसिद्ध मनसा देवी मंदिर में रविवार सुबह दर्शन के दौरान अचानक भगदड़ मचने से बड़ा हादसा हो गया. सुबह करीब 9:15 बजे मंदिर मार्ग पर हुई भगदड़ में अब तक 6 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है, जबकि 29 से अधिक लोग घायल हुए हैं.
क्या हुआ हादसे के दौरान?
गढ़वाल डिवीजन के कमिश्नर विनय शंकर पांडे के अनुसार, मंदिर में भारी भीड़ जमा हो गई थी, जिससे यह घटना हुई. वहीं, हरिद्वार के SSP प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने बताया कि पुलिस को भगदड़ की सूचना मिलने के बाद तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया. SSP डोभाल ने कहा कि “हमें 35 लोगों के घायल होने की सूचना मिली थी. सभी को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां 6 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. बाकी घायलों का इलाज जारी है.”
read more- बिहार में सफाई कर्मियों के लिए बना आयोग, नीतीश कुमार ने लिया बड़ा फैसला
करंट की अफवाह ने फैलाई अफरा-तफरी
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मंदिर मार्ग पर सीढ़ियों के पास बिजली का झटका लगने की अफवाह फैल गई थी. इससे श्रद्धालुओं में घबराहट फैल गई और लोगों ने भागना शुरू कर दिया, जिसके चलते भगदड़ मच गई. बताया गया है कि यह अफवाह मंदिर से लगभग 100 मीटर नीचे सीढ़ियों पर फैली, जिससे श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई.
मनसा देवी मंदिर: एक प्रमुख तीर्थस्थल
मनसा देवी मंदिर, हरिद्वार की शिवालिक पहाड़ियों पर स्थित बिल्व पर्वत पर बना है. यह मंदिर हर की पौड़ी से करीब 3 किलोमीटर दूर स्थित है. श्रद्धालु यहां तक 1.5 किमी की चढ़ाई या रोपवे के माध्यम से पहुंचते हैं. सावन के महीने में यहां भारी भीड़ उमड़ती है.
read more- Kargil Vijay Diwas: रांची के लाल और झारखंड के जांबाज़, कारगिल युद्ध के वीर सपूतों को सलाम
अब तक क्या कदम उठाए गए हैं?
- रेस्क्यू टीम और पुलिस बल मौके पर तैनात हैं.
- घायलों का इलाज नजदीकी अस्पतालों में चल रहा है.
- मंदिर प्रबंधन और प्रशासन को भीड़ नियंत्रण को लेकर अलर्ट किया गया है.
- घटना की जांच के आदेश दिए गए हैं.
सरकार और प्रशासन की अपील
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है. साथ ही मंदिर में दर्शन के लिए भीड़ नियंत्रण के लिए नई व्यवस्था लागू करने की तैयारी भी शुरू हो गई है.












