रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राज्य में पार्टी की जनपहुंच को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से ‘नागरिक समाज संपर्क विभाग’ के गठन की घोषणा की है। यह निर्णय प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में लिया गया है। इस नवगठित विभाग का उद्देश्य झारखंड में सक्रिय जनसरोकारों, नागरिक समाज संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस पार्टी के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करना है, ताकि जनहित के मुद्दों पर मिलकर कार्य किया जा सके।
read more: आदिवासी महोत्सव 2025 को लेकर जागरूकता रथ रवाना, राज्यभर में फैलेगा सांस्कृतिक संदेश
दयामनी बारला बनी प्रदेश पर्यवेक्षक
उक्त विभाग की पहली नियुक्ति के तहत दयामनी बारला को नागरिक समाज संपर्क विभाग की प्रदेश पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। उन्हें पीसीसी एवं डीसीसी स्तर पर विभाग के गठन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। साथ ही, उन्हें कांग्रेस पार्टी और सामाजिक संगठनों के बीच संवाद एवं सहयोग को सुनिश्चित करने का दायित्व भी दिया गया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी को विश्वास है कि यह कदम पार्टी की सामाजिक सहभागिता को और भी व्यापक बनाएगा तथा झारखंड में कांग्रेस को जनआंदोलनों के करीब लाएगा।













