Jharkhand News: श्रावणी मेला में शामिल होने देवघर आ रहे कांवरियों की एक यात्री बस मंगलवार को मोहनपुर थाना क्षेत्र के जमुनिया जंगल के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दर्दनाक हादसे में पांच से अधिक कांवरियों की मौत हो गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
इस घटना की जानकारी मिलते ही झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया और मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की। उन्होंने स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिया कि यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुगम बनाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इसके बाद कमलेश देवघर सदर अस्पताल पहुंचे जहां उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने वहां मौजूद अस्पताल उपाध्यक्ष सुषमा वर्मा और अन्य चिकित्सकों से बातचीत कर सभी घायलों को उचित एवं त्वरित इलाज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने राज्य सरकार और स्वास्थ्य मंत्री द्वारा मृतकों के परिजनों को 1 लाख रुपये और घायलों को 20 हजार रुपये मुआवजा देने की घोषणा पर आभार जताया है।
इस दौरान उनके साथ पूर्व मंत्री बादल पत्रलेख, कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमैन सतीश पॉल मुंजनी, जिलाध्यक्ष उदय प्रकाश, 20 सूत्री जिलाध्यक्ष संजय मुन्नम, प्रवक्ता राजेन्द्र दास, अवधेश प्रजापति, नागेश्वर सिंह, रवि केशरी, सुधीर देव, ओमप्रकाश यादव, प्रमीला देवी, मीना तुरी सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।













