Jharkhand: झारखंड के शिक्षा मंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के वरिष्ठ नेता रामदास सोरेन का शुक्रवार को दिल्ली के अपोलो अस्पताल में निधन हो गया। वे पिछले कई दिनों से गंभीर रूप से बीमार थे और वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे। उनके निधन की पुष्टि JMM नेता कुणाल सड़ांगी ने सोशल मीडिया के माध्यम से की।
गंभीर चोट के बाद बिगड़ी हालत
कुछ दिन पहले मंत्री रामदास सोरेन अपने आवास के बाथरूम में फिसलकर गिर पड़े थे, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लगी और ब्रेन हेमरेज हो गया। हालत नाजुक होने पर उन्हें एयरलिफ्ट कर दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनका लगातार इलाज कर रही थी। लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
झारखंड आंदोलन में निभाई अहम भूमिका
घाटशिला विधानसभा सीट से विधायक रहे रामदास सोरेन ने झारखंड आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। उनकी सादगी, कर्मठता और जनसेवा की भावना के कारण वे जनता के बीच बेहद लोकप्रिय थे। उनके निधन से राज्य के राजनीतिक और शैक्षणिक जगत में गहरा शोक है।
नेताओं ने जताया दुख
झारखंड के मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने शोक व्यक्त करते हुए कहा,
“झारखंड के शिक्षा मंत्री श्री रामदास सोरेन जी के निधन का समाचार सुनकर अत्यंत मर्माहत हूँ। वे सरल स्वभाव के, कर्मठ व जनसेवा के प्रति समर्पित नेता थे। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिवार को संबल दें।”
अंतिम संस्कार जल्द होगा
परिवार के अनुसार, रामदास सोरेन का अंतिम संस्कार जल्द ही उनके गृह नगर में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।













