Jharkhand: झारखंड के रामगढ़ जिले में रजरप्पा मंदिर जाने वाले मुख्य मार्ग पर शुक्रवार अहले सुबह बड़ा हादसा हो गया। जनियामारा जंगल के पास पिची मोड़ पर हाथियों के झुंड ने हमला कर दिया, जिसमें गोला प्रखंड के मुरपा गांव निवासी मुस्ताक अंसारी (52 वर्ष) की मौत हो गई। घटना सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, मुस्ताक अंसारी रोज की तरह रजरप्पा वाशरी लोडिंग कार्य के लिए जा रहे थे। इसी दौरान जंगली हाथियों के झुंड ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर आसपास के ग्रामीण और मृतक के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए।
हाथियों ने किया होटल को भी नुकसान
हाथियों के इस हमले में स्थानीय होटल व्यवसायी सरजू करमाली और अजय करमाली के होटल भी क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे दोनों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
ग्रामीणों का वन विभाग पर आरोप
घटना के बाद स्थानीय मुखिया सुनीता देवी ने मौके पर पहुंचकर वन विभाग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि हाथियों की आवाजाही की सूचना मिलने के बाद भी विभाग ने मॉनिटरिंग की कोई व्यवस्था नहीं की।
वहीं, वन पर्यावरण सुरक्षा सह प्रबंधन समिति के केंद्रीय सचिव सुलेमान अंसारी ने प्रशासन से मांग की कि मंदिर जाने वाले मुख्य मार्ग पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की जाए ताकि लोग सुरक्षित यात्रा कर सकें।
इसके अलावा समिति के अध्यक्ष ठाकुरदास महतो और समाजसेवी राजू महतो ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि वन विभाग की लापरवाही के कारण ऐसे हादसे बार-बार हो रहे हैं।
प्रशासन से मुआवजा और सुरक्षा व्यवस्था की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि मृतक परिवार को तुरंत मुआवजा दिया जाए और हाथियों की निगरानी के लिए वन विभाग को ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाएं न हों।












