Ranchi Crime News: राजधानी रांची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित पंचवटी चौक पर शुक्रवार को प्रेम प्रसंग के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद दो युवकों में झगड़ा इतना बढ़ गया कि एक युवक ने दूसरे का गला चाकू से रेत दिया।
लड़की को लेकर हुआ विवाद, पहुंचा खूनी संघर्ष तक
जानकारी के अनुसार, पप्पू लोहरा और रवि सिंह एक ही लड़की से जुड़े रिश्तों को लेकर आपस में भिड़ गए। बताया जा रहा है कि पहले पप्पू का उस लड़की से प्रेम संबंध था, लेकिन पिछले कुछ महीनों से रवि सिंह भी उस लड़की से बातचीत करने लगा। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं, जिससे पप्पू के मन में रंजिश पैदा हो गई।
शुक्रवार को पंचवटी चौक पर इसी मुद्दे को लेकर दोनों युवकों में कहासुनी हुई, जो देखते-ही-देखते मारपीट में बदल गई। गुस्से में आकर पप्पू लोहरा ने पास की सब्जी दुकान से चाकू उठाया और रवि सिंह के गले पर वार कर दिया।
चाकू मारने के बाद भीड़ ने पकड़ा आरोपी
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पप्पू मौके से फरार होने की कोशिश करने लगा, लेकिन वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया। भीड़ ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद चुटिया थाना पुलिस ने पप्पू लोहरा को हिरासत में ले लिया।
गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती रवि सिंह
गंभीर रूप से घायल रवि सिंह को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत गुरुनानक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक बताई है। फिलहाल डॉक्टर्स की टीम उसकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
पुलिस ने बरामद किया घटना में इस्तेमाल चाकू
पुलिस ने जांच के दौरान वह चाकू भी बरामद कर लिया है जिसे आरोपी ने घटना के बाद नाली में फेंक दिया था। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की तहकीकात प्रेम प्रसंग से जुड़े अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।












