Dhanbad: धनबाद जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र में एटीएम से अवैध तरीके से पैसे निकालने की कोशिश कर रहे एक युवक को ग्रामीणों ने रंगेहाथ पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। यह घटना 30 अगस्त की शाम की है, जब अमरपुर गांव के कुछ सतर्क ग्रामीणों ने एक युवक को एटीएम मशीन से छेड़छाड़ करते हुए पकड़ लिया।
पेचकस और प्लास से मशीन के साथ कर रहा था छेड़छाड़
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक एटीएम के अंदर पेचकस और प्लास की मदद से मशीन के साथ छेड़छाड़ कर रहा था। ग्रामीणों को उस पर संदेह हुआ और जब उन्होंने उसे रोका तो वह भागने की कोशिश करने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे पकड़कर तुरंत गोविंदपुर थाना पुलिस को सूचना दी और आरोपी को सौंप दिया।
जांच में जुटी पुलिस
थाने में पूछताछ के दौरान युवक ने अपनी पहचान ऋतिक रौशन (उम्र 24 वर्ष), पिता अनिल यादव, निवासी लाइन पार, थाना नवादा, जिला नवादा, बिहार के रूप में बताई। पुलिस ने आरोपी के पास से एक नुकीला पेचकस, एक प्लास और एक एटीएम कार्ड बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी एक ऐसे गिरोह का सदस्य है जो देश के विभिन्न हिस्सों में एटीएम मशीनों से छेड़छाड़ कर लोगों के खातों से अवैध रूप से पैसे निकालते हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के साथ और कितने लोग इस गिरोह में शामिल हैं तथा उनकी गतिविधियां किन-किन क्षेत्रों में फैली हुई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, स्थानीय लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए अपराध को समय रहते रोकने के लिए सराहना पाई है।












