Political News: राजधानी पटना में सोमवार को विपक्ष की एकता का बड़ा शक्ति प्रदर्शन देखने को मिलेगा। वोटर अधिकार यात्रा के समापन अवसर पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी, झारखंड के मुख्यमंत्री और झामुमो अध्यक्ष हेमंत सोरेन, और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव एक मंच साझा करेंगे। इस मौके पर INDIA गठबंधन की मजबूती और चुनावी तैयारियों का संदेश दिया जाएगा।
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने कहा कि यह यात्रा भाजपा और एनडीए के लिए चिंता का विषय बन गई है। उन्होंने दावा किया कि एसआईआर की प्रक्रिया के खिलाफ देशभर में जागरूकता बढ़ रही है, और जनता समझ चुकी है कि चुनाव आयोग कैसे एकतरफा तरीके से काम कर रहा है।
विनोद पांडेय ने एसआईआर को भाजपा और चुनाव आयोग की “संयुक्त साजिश” करार दिया, जिसका उद्देश्य गरीब, पिछड़े, अल्पसंख्यक, दलित, आदिवासी और किसान वर्ग को वोटिंग से वंचित करना है। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र पर सीधा हमला है।
उन्होंने बताया कि झारखंड विधानसभा पहले ही एसआईआर के खिलाफ प्रस्ताव पारित कर चुका है, और अब बिहार की जनता भी इसके खिलाफ खड़ी हो रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले बिहार विधानसभा चुनाव में जनता INDIA महागठबंधन को बहुमत देकर सत्ता सौंपेगी, जैसे झारखंड में 2024 में हुआ।
विनोद पांडेय ने कहा, “जब संसद में राहुल गांधी की आवाज दबाई जा रही है, तो अब सड़क पर उतरकर लोकतंत्र और संविधान की रक्षा करना अनिवार्य हो गया है। झामुमो इस संघर्ष में पूरी मजबूती से INDIA गठबंधन के साथ खड़ा है।”













