Political News: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज सोमवार को पटना पहुंचेंगे, जहां वह ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव भी मौजूद रहेंगे। यह यात्रा आज पटना के गांधी मैदान से एक विशाल मार्च के साथ संपन्न होगी। यह मार्च सुबह 11 बजे महात्मा गांधी की प्रतिमा से शुरू होकर बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर समाप्त होगा।
INDIA गठबंधन ने उठाई SIR प्रक्रिया पर सवाल
झामुमो के महासचिव और प्रवक्ता विनोद पांडेय ने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कांग्रेस और राजद नेताओं के साथ इस आयोजन में भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि SIR (Systematic Identification of Voters) प्रक्रिया को लेकर देशभर में आम लोग सवाल उठा रहे हैं। पांडेय ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग अब एक राजनीतिक दल की तरह काम कर रहा है, और इस साजिश के खिलाफ INDIA गठबंधन की लड़ाई जारी रहेगी।
17 अगस्त से शुरू हुई थी वोटर अधिकार यात्रा
गौरतलब है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अगुवाई में वोटर अधिकार यात्रा की शुरुआत 17 अगस्त को सासाराम से हुई थी। इसके बाद यात्रा ने मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सुपौल, पूर्णिया जैसे जिलों में लोगों से संवाद किया और वोटर अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाई।












