Jharkhand News: झारखंड के मानसिक स्वास्थ्य संस्थान रिनपास (RINPAS) का शताब्दी समारोह 4 सितंबर को आयोजित किया जाएगा और इसकी तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। बुधवार को झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कांके स्थित रिनपास परिसर का निरीक्षण किया और कार्यक्रम स्थल पर चल रही तैयारियों की समीक्षा की।
डॉ. अंसारी ने विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए कहा कि, “यह कार्यक्रम सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं के एक नए युग की शुरुआत है। यह झारखंड के लिए गर्व की बात है।”
समारोह में शामिल होगें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के आमंत्रण को स्वीकार कर लिया है और वे इस शताब्दी महोत्सव में शामिल होंगे। इससे समारोह का महत्व और भी बढ़ गया है।
read more- Donald Trump on India Tariff: भारत पर 50% शुल्क लगाने को लेकर ट्रम्प ने दिया बड़ा बयान
डॉ. अंसारी द्वारा जारी दिशा-निर्देश:
- मीडिया प्रतिनिधि समय से पूर्व कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे।
- आमंत्रित अतिथि केवल निर्धारित प्रवेश द्वार का ही उपयोग करें।
- सुरक्षा और यातायात से जुड़े प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन हो।
- कार्यक्रम स्थल पर अनुशासन और गरिमा बनाए रखी जाए।
- सभी विभागीय पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारियाँ तत्परता और जिम्मेदारी से निभाएं।
100 वर्षों की सेवा का सम्मान
रिनपास (Ranchi Institute of Neuro-Psychiatry and Allied Sciences) झारखंड ही नहीं, पूरे पूर्वी भारत के लिए मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख संस्थान रहा है। इस शताब्दी समारोह के जरिए न सिर्फ इसकी 100 वर्षों की सेवा यात्रा का सम्मान किया जाएगा, बल्कि आने वाले समय में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और संसाधनों के विस्तार का संकल्प भी दोहराया जाएगा।
डॉ. अंसारी ने अंत में कहा, “यह समारोह राज्य के हर नागरिक के लिए गर्व का विषय है और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े मरीजों के लिए नई आशा की किरण भी।”













