Patna: बिहारवासियों का लंबे समय से इंतजार खत्म होने जा रहा है। बुधवार को पटना मेट्रो का पहला ट्रायल रन शुरू हुआ। मेट्रो का ट्रायल डीपो के अंदर बने 800 मीटर लंबे ट्रैक पर किया गया, जहां तकनीकी और सुरक्षा मानकों की जांच विशेषज्ञों की टीम ने की।
ट्रायल रन में स्पीड, ब्रेकिंग सिस्टम, पावर सप्लाई और सुरक्षा उपकरणों की बारीकी से जांच हुई। अगर किसी तकनीकी खामी का पता चलता है, तो उसे तुरंत दुरुस्त किया जाएगा। अगले चरण में ISBT से भूतनाथ स्टेशन तक ट्रायल होगा, जो एक हफ्ते तक जारी रहेगा।
15 सितंबर को हो सकता है उद्घाटन
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 सितंबर को पूर्णिया एयरपोर्ट के उद्घाटन के लिए बिहार दौरे पर आ रहे हैं। इसी मौके पर वे पटना मेट्रो का भी उद्घाटन कर सकते हैं। पहले योजना थी कि 15 अगस्त 2025 को ही मेट्रो की शुरुआत कर दी जाए, लेकिन काम पूरा न होने की वजह से इसे टाल दिया गया था।
पटना मेट्रो रेड लाइन रूट
पहले चरण में पटना मेट्रो की रेड लाइन शुरू होगी। यह रूट न्यू पाटलिपुत्र बस टर्मिनल (ISBT) से जीरो माइल, भूतनाथ, खेमनीचक और मलाही पकड़ी तक बनाया गया है।
पूरा प्रोजेक्ट दो कॉरिडोर में बनाया जा रहा है:
- पहला कॉरिडोर: दानापुर से पटना जंक्शन (लगभग 17 किमी)
- दूसरा कॉरिडोर: पटना जंक्शन से बैरिया बस स्टैंड (लगभग 14 किमी)
फिलहाल दूसरे कॉरिडोर पर काम तेजी से चल रहा है।
मधुबनी पेंटिंग से सजीं मेट्रो बोगियां
पटना मेट्रो की सबसे बड़ी खासियत है कि इसकी बोगियों को मधुबनी पेंटिंग से सजाया गया है। नारंगी रंग की बोगियों पर बिहार की संस्कृति और पर्यटन स्थलों की झलक देखने को मिलेगी।
गोलघर, महावीर मंदिर, महाबोधि वृक्ष, नालंदा खंडहर और बौद्ध स्तूप जैसी झलकियां बोगियों की दीवारों और छत पर सजाई गई हैं।
किराया 10 से 60 रुपए तक
पटना मेट्रो का किराया 10 रुपए से 60 रुपए तक हो सकता है। फेयर को 5-6 कैटेगरी में बांटा जाएगा। कम दूरी वालों को थोड़ा महंगा और लंबी दूरी वालों को सस्ता सफर मिलेगा। इसके लिए फेयर फिक्सेशन कमेटी अंतिम निर्णय लेगी।
पटना की ट्रैफिक समस्या से मिलेगी राहत
मेट्रो की शुरुआत के बाद पटना की जाम समस्या से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। राजधानी में ट्रैफिक जाम रोजमर्रा की सबसे बड़ी समस्या है। ऐसे में मेट्रो शहरवासियों के लिए सुगम और तेज़ यातायात का विकल्प बनेगी।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









