Ranchi: झारखंड हाईकोर्ट द्वारा आयोजित वरीय न्यायिक सेवा परीक्षा 2025 का परिणाम बुधवार को घोषित किया गया। इस परीक्षा में गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट विधानसभा क्षेत्र के दिग्घी गांव निवासी दीपक कुमार ने शानदार सफलता हासिल की है। दीपक कुमार को झारखंड में दूसरी रैंक प्राप्त हुई है और वे राज्य से एकमात्र उम्मीदवार हैं जिनका चयन जिला जज पद पर हुआ है।
आठ अभ्यर्थियों का हुआ चयन, झारखंड से सिर्फ दीपक कुमार
इस परीक्षा में कुल 35 अभ्यर्थियों का चयन हुआ था। 31 अगस्त 2025 को आयोजित साक्षात्कार के बाद आठ उम्मीदवारों को जिला जज के पद के लिए चुना गया, जिनमें झारखंड से केवल दीपक कुमार का नाम शामिल है।
शिक्षा और करियर यात्रा
दीपक कुमार की प्रारंभिक शिक्षा दिग्घी मध्य विद्यालय से हुई। 1995 में उन्होंने देवघर हाई स्कूल से मैट्रिक पास किया। इसके बाद 2001 में पटना विश्वविद्यालय से स्नातक, फिर दिल्ली विश्वविद्यालय से एलएलबी और एलएलएम की डिग्री प्राप्त की।
वर्ष 2011 में वे दिल्ली कोर्ट में एपीपी (APP) बने और बाद में प्रमोशन पाकर एडिशनल पब्लिक प्रोसिक्यूटर बने। 25 मार्च 2025 को उन्होंने झारखंड वरीय न्यायिक सेवा परीक्षा दी, जिसमें उनकी प्रतिभा और मेहनत रंग लाई।
परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल
गोड्डा डाक बंगला रोड स्थित उनके स्वजन अनूप जायसवाल ने बताया कि दीपक बचपन से ही मेधावी रहे हैं। सामान्य परिवार से आने वाले दीपक की सफलता पर पूरे गांव और परिवार में जश्न का माहौल है। उनकी बहन रूबी जायसवाल सहित परिजनों ने बधाई दी।
वंचितों को न्याय दिलाना होगी प्राथमिकता
अपनी सफलता पर प्रतिक्रिया देते हुए नवनियुक्त जिला जज दीपक कुमार ने कहा—
“वंचितों और जरूरतमंदों को त्वरित न्याय दिलाना मेरी प्राथमिकता होगी। जनता के हक और अधिकार की रक्षा के लिए मैं हमेशा ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करूंगा। न्यायिक प्रक्रिया में चुनौतियां जरूर हैं, लेकिन इच्छाशक्ति और कार्यकुशलता से कर्तव्यों का बेहतर निर्वहन संभव है।”












