Jharkhand: भारतीय जनता पार्टी ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोला है। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद डॉ. राधामोहन अग्रवाल ने प्रेसवार्ता में कहा कि राज्य सरकार यदि जनता को सुविधा देने में अक्षम है तो उसे सत्ता छोड़ देनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 50 हजार करोड़ रुपये का घाटा सहकर भी देश की जनता को राहत देने के लिए जीएसटी दरों में ऐतिहासिक कटौती कर चुके हैं। इसके विपरीत झारखंड की हेमंत सरकार महज दो हजार करोड़ के घाटे का हवाला देकर केंद्र के निर्णय का विरोध कर रही है।
डॉ. अग्रवाल ने कहा,
- “दुनिया का औसत विकास दर मात्र 3% है, जबकि भारत की विकास दर 7.8% बनी हुई है। मोदी सरकार ने बजट में 12 लाख तक की आय पर टैक्स जीरो कर दिया, जिससे तीन लाख करोड़ की आमदनी घटी। अब जीएसटी में 50 हजार करोड़ का और घाटा स्वीकार किया गया, ताकि जनता को महंगाई से राहत मिल सके।”
- “राज्य सरकार को इस फैसले का स्वागत करना चाहिए, लेकिन अपनी नाकामियों और भ्रष्टाचार को छुपाने के लिए झारखंड सरकार पैसे का रोना रो रही है।”
भाजपा नेता ने कहा कि जीएसटी स्लैब घटाकर अब सिर्फ 5% और 18% कर दिया गया है, जबकि विलासिता की वस्तुओं पर 40% टैक्स रखा गया है। खाद्य सामग्री, बच्चों की पढ़ाई-लिखाई से जुड़ी वस्तुएं, मेडिकल किट, किसानों के कृषि उपकरण सस्ते होंगे। हेल्थ इंश्योरेंस और गंभीर बीमारियों की दवाइयां भी सस्ती कर दी गई हैं। सीमेंट के दाम घटने से निर्माण क्षेत्र और आम आदमी को सीधी राहत मिलेगी।
डॉ. अग्रवाल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि “अमीर और गरीब के लिए समान टैक्स दर की बात कर वे कैसी अर्थव्यवस्था देना चाहते हैं। यह गरीबों को नुकसान और अमीरों को फायदा पहुंचाने वाला विचार है।”
प्रेसवार्ता में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह और प्रवक्ता अजय साह मौजूद रहे।












