Dhanbad: खबर मंत्र समाचार समूह के संस्थापक स्वर्गीय अभय कुमार सिंह की पाँचवीं पुण्यतिथि गुरुवार को धनबाद कार्यालय में श्रद्धा और भावपूर्ण वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर पूरी टीम ने संस्थापक की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता धनबाद प्रभारी राममूर्ति पाठक ने की। उन्होंने अभय कुमार सिंह के कुशल नेतृत्व और पत्रकारिता के प्रति समर्पण को याद करते हुए कहा कि उनकी सोच और सिद्धांत ही खबर मंत्र की पहचान हैं। टीम उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए निष्पक्ष और जनसरोकारों से जुड़ी पत्रकारिता को आगे बढ़ाएगी।
वरिष्ठ पत्रकार बृजनंदन ठाकुर ने कहा कि अभय कुमार सिंह ने धनबाद में पत्रकारिता की मजबूत नींव रखी, जिसे नई पीढ़ी को और ऊँचाइयों तक ले जाना है। मौके पर वरीय संवाददाता मनोज मिश्र, मिथिलेश कुमार, राज बिक्रम, महेश वर्मा, निकुंज कुमार समेत कई पत्रकार उपस्थित रहे।
खबर मंत्र टीम ने संस्थापक के आदर्शों पर चलते हुए सत्य, निष्पक्षता और जनहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प दोहराया।












