धनबाद: एसजेएएस सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने अद्भुत सफलता हासिल करते हुए 6 वर्षीय बच्ची की जान बचाई। बच्ची के गले में अचानक एक सिक्का फंस गया था, जिससे उसकी सांस रुकने का खतरा पैदा हो गया था। समय रहते डॉक्टर जितेंद्र सिंह और उनकी विशेषज्ञ टीम ने मात्र 15 मिनट में बिना किसी ऑपरेशन (चीर-फाड़) के सिक्के को सुरक्षित रूप से निकाल लिया।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने बताया कि यह एक बेहद जटिल और संवेदनशील प्रक्रिया थी। गले में फंसे सिक्के को निकालने के लिए नवीनतम एंडोस्कोपी तकनीक और उनके अनुभव का उपयोग किया गया। इस दौरान बच्ची को न तो कोई दर्द हुआ और न ही कोई जटिलता सामने आई।
हॉस्पिटल प्रबंधन ने डॉक्टरों और टीम के इस प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि, “एसजेएएस सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पिटल हमेशा विशेषज्ञता, त्वरित निर्णय और संवेदनशील चिकित्सा सेवा के लिए प्रतिबद्ध है।”
इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि समय पर सही इलाज और आधुनिक तकनीक की मदद से जटिल परिस्थितियों में भी मरीज की जान बचाई जा सकती है।










