Ranchi: रांची उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभागार में आज जनता दरबार का आयोजन किया गया। जिले के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं और शिकायतें लेकर पहुंचे।
प्राथमिकता से सुनी गई शिकायतें
दूरदराज क्षेत्रों से आए आवेदकों को प्राथमिकता दी गई और प्रखंडवार बारी-बारी से सभी की समस्याएं सुनी गईं। इस दौरान अधिकतर शिकायतें भूमि विवाद, पेंशन, सड़क निर्माण, जल जमाव और अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित रहीं।
जनता दरबार में आए मुख्य मामले
- बैंक खाता ऑन होल्ड का मामला
सोनाहातू निवासी आशुतोष महतो ने अपने बैंक खाते को ऑन होल्ड किए जाने की शिकायत की। न्यायालय द्वारा 2022 में निर्णय उनके पक्ष में आने के बावजूद बैंक कार्रवाई नहीं कर रहा था। उपायुक्त ने एलडीएम रांची को शीघ्र समाधान का निर्देश दिया। - भ्रष्टाचार पर सख्ती
जमीन संबंधी मामलों में रिश्वत मांगने की शिकायतों पर उपायुक्त ने कहा – “प्रमाण मिलने पर दोषी पदाधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ फौरन कार्रवाई होगी।” - राजस्व संबंधी जटिल मामले
दाखिल-खारिज, पंजी-2 सुधार, मुआवजा भुगतान से जुड़े मामलों पर तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने दस्तावेजों का गहन अवलोकन कर आवेदकों को मार्गदर्शन भी दिया। - सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़े मामले
मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का लाभ नहीं मिलने की शिकायतों पर सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा को तुरंत कार्रवाई का आदेश दिया गया।
जनहित सर्वोच्च प्राथमिकता
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि जनहित के मुद्दों का त्वरित समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनता दरबार आमजनों को न्याय दिलाने का सशक्त माध्यम है और हर सही शिकायत पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।












