Dhanbad: दुर्गा पूजा 2025 को लेकर धनबाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने के लिए शुक्रवार को पुलिस केंद्र परिसर में मॉक ड्रिल का आयोजन किया। इस अभ्यास में दंगा नियंत्रण, आपदा प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण की तकनीकों पर जवानों को प्रशिक्षण दिया गया।
अधिकारियों की मौजूदगी
मॉक ड्रिल कार्यक्रम में एसएसपी प्रभात कुमार, ग्रामीण एसपी कपील चौधरी, सिटी एसपी रित्विक श्रीवास्तव, प्रशिक्षु आईपीएस राघवेंद्र शर्मा, डीएसपी मुख्यालय-2 धीरेन्द्र नारायण बंका और डीएसपी मुख्यालय-1 शंकर कामती समेत कई पुलिस पदाधिकारी शामिल हुए।
कैसे की गई मॉक ड्रिल
ड्रिल के दौरान जवानों ने वाटर कैनन, लाठी चार्ज और आंसू गैस का प्रयोग कर यह प्रदर्शित किया कि भीड़ नियंत्रण की स्थिति में पुलिस कैसे कार्रवाई करती है। जवानों को समझाया गया कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और हर स्थिति में संयम और साहस के साथ कदम उठाना जरूरी है।
दुर्गा पूजा पर विशेष सुरक्षा इंतज़ाम
एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि दुर्गा पूजा के दौरान शहर के चौक-चौराहों, पंडालों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा।
- वॉच टॉवर से निगरानी रखी जाएगी।
- सादे लिबास में भी पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे।
- महिलाओं की सुरक्षा पर खास ध्यान रहेगा।
- मनचलों और असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जाएगी।
उन्होंने कहा कि मॉक ड्रिल से जवानों का आत्मविश्वास बढ़ता है और वास्तविक परिस्थितियों में तुरंत निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है।
आम नागरिकों से अपील
धनबाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि दुर्गा पूजा के अवसर पर शांति और भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस या डायल 112 पर दें।
साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने निजी वाहन का कम इस्तेमाल करने और पंडाल से दूर निर्धारित स्थानों पर ही वाहन पार्क करने की सलाह दी है।












