Jharkhand News: रांची में खेलगांव के टाना भगत इंडोर स्टेडियम में आयोजित “East Tech Symposium-2025” (Defence Expo) का भव्य शुभारंभ आज राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक आयोजन में देशभर से रक्षा विशेषज्ञ, तकनीकी और औद्योगिक संस्थान, तथा लघु एवं मध्यम उद्योग (MSME) प्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम में रक्षा मंत्रालय और भारतीय सेना की अत्याधुनिक तकनीकों और पहलुओं का व्यापक प्रदर्शन किया गया।
HEC को लेकर भावुक हुए CM हेमंत सोरेन
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस अवसर को राज्य के लिए “महत्वपूर्ण दिन” बताते हुए कहा कि झारखंड संभावनाओं की भूमि है, जहां रक्षा सेक्टर में उपयोग होने वाले रॉ मैटेरियल और यूरेनियम जैसे संसाधनों की प्रचुरता है। उन्होंने कहा कि “राज्य में कई बड़े-बड़े उद्योग स्थापित हुए हैं और यहां उद्योगों का एक समृद्ध इतिहास रहा है। लेकिन गलत नीति निर्धारण ने कई संस्थानों को नुकसान पहुंचाया है।”
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से एचईसी (HEC) का उल्लेख करते हुए कहा कि यह संस्थान एक समय देश में सेटेलाइट और परमाणु कंपोनेंट्स निर्माण में अग्रणी भूमिका निभा रहा था। उन्होंने इसकी वर्तमान खराब स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए इसे फिर से पुनर्जीवित करने की जरूरत बताई।
राज्य सरकार का डिफेंस सेक्टर को पूरा सहयोग
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार के साथ हरसंभव सहयोग करेगी। उन्होंने कहा कि “राज्य और केंद्र सरकार को मिलकर समन्वय स्थापित करना होगा, ताकि रक्षा और औद्योगिक क्षेत्र में आत्मनिर्भरता हासिल की जा सके।”
read more- झारखंड सरकार ने 30 IPS अधिकारियों का तबादला किया, रांची के नए SSP बने राकेश रंजन
विशिष्ट अतिथि और सहभागिता
इस कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, भारतीय सशस्त्र सेना के रक्षा प्रमुख (CDS) अनिल चौहान, मुख्य सचिव अलका तिवारी, पूर्वी कमान प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल रामचंद्र तिवारी, एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ सूरत सिंह सहित अन्य रक्षा मंत्रालय के वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री और राज्यपाल सहित सभी गणमान्य अतिथियों ने Defence Expo का अवलोकन किया और झारखंड में रक्षा सेक्टर को लेकर उभरती संभावनाओं पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी।












