रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भाजपा पर करारा हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने बयान जारी कर कहा कि भाजपा की राजनीति झूठ और अफवाहों पर टिकी है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी पर लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह निराधार हैं। सिन्हा ने कहा कि भाजपा मुद्दों के दिवालियापन से जूझ रही है, इसलिए वे आधी-अधूरी और झूठी कहानियों के सहारे जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिकायत प्राप्त होने के बाद मंत्री ने स्वयं विभागीय जाँच शुरू करवाई और साफ कर दिया कि दोषी पाए जाने वालों पर सख़्त कार्रवाई होगी।
जानबूझकर मंत्री इरफान अंसारी को बनाया गया निशाना
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा जानबूझकर अल्पसंख्यक समाज से आने वाले मंत्री को निशाना बना रही है। जबकि सच्चाई यह है कि टेंडर प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष है और L-1 ठेकेदार का चयन जिला टेंडर समिति करती है, जिसमें मंत्री की कोई व्यक्तिगत भूमिका नहीं होती। उन्होंने कहा कि आधी-अधूरी जानकारी पर प्रेस वार्ता करना भाजपा की पुरानी आदत है। दरअसल पहले मंत्री इरफान अंसारी को शिकायत मिली थी, जिसके बाद उन्होंने विभागीय जांच का आदेश दे दिया है। उन्होंने कहा कि दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल मंत्री ने मामले की जांच के लिए दल गठित कर जांच का आदेश दे दिया है।
तथ्यों के साथ राजनीति करे भाजपा
प्रदेश कांग्रेस मीडिया प्रभारी ने कहा कि भाजपा को झूठे आरोप लगाने के बजाय तथ्यों के साथ राजनीति करनी चाहिए। डॉ. इरफान अंसारी ने हमेशा जनहित में पारदर्शी कार्य किया है और भाजपा के खोखले आरोप उनकी बढ़ती लोकप्रियता से घबराहट का नतीजा हैं।












