Ranchi News: राजधानी रांची को ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए शहर में तेजी से फ्लाईओवरों का निर्माण किया जा रहा है। लोगों को उम्मीद थी कि इनसे सड़कों पर जाम की परेशानी खत्म होगी और सफर आसान हो जाएगा। लेकिन अब यही फ्लाईओवर शहर के लिए नई मुसीबत बनते जा रहे हैं। अधूरी फिनिशिंग और निर्माण में लापरवाही के कारण कई जगहों पर हालात बिगड़ गए हैं। इसका सबसे बड़ा उदाहरण है रातू रोड फ्लाईओवर, जहां ड्रेनेज सिस्टम अधूरा छोड़ दिया गया है।
ड्रेनेज कनेक्शन अधूरा, फ्लाईओवर के नीचे बन गए पानी के टैंक
रातू रोड फ्लाईओवर पर पानी निकासी के लिए पाइप तो लगाए गए हैं, लेकिन उन्हें सड़क किनारे की नालियों से नहीं जोड़ा गया है।
इसके कारण बारिश या सफाई के बाद फ्लाईओवर से गिरने वाला पानी नीचे पिलरों के आसपास गड्ढों में जमा हो जाता है।
ये गड्ढे अब छोटे-छोटे टैंकों में बदल चुके हैं, जिनमें हफ्तों तक पानी भरा रहता है।
गंदगी, बदबू और मच्छरों से परेशान स्थानीय लोग
इन गड्ढों में भरे गंदे पानी से मच्छरों का प्रकोप और बदबू बढ़ गई है। रातू रोड के दुकानदारों का कहना है कि फ्लाईओवर बनने से जाम तो कुछ हद तक कम हुआ, लेकिन अब गंदगी और मच्छरों का अड्डा बन गया है। बारिश के बाद नीचे इतना पानी भर जाता है कि दुकान तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है. लोगों का कहना है कि नगर निगम इस समस्या पर ध्यान नहीं दे रहा और सफाई का कोई पुख्ता इंतज़ाम नहीं है।
नगर निगम की लापरवाही से बढ़ी समस्या
स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया है कि नगर निगम के कर्मचारी भी स्थिति को और बिगाड़ रहे हैं। जहां पानी जमा है, वहीं पर पुराने बैरिकेड और सफाई का कचरा फेंक दिया जाता है। धीरे-धीरे यह जगह गंदे पानी, मलबे और बदबू से भर गई है। इससे न सिर्फ इलाके की सुंदरता खराब हो रही है, बल्कि डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों की मांग- जल्द हो कार्रवाई
रातू रोड और आसपास के इलाके के लोगों ने नगर निगम और निर्माण एजेंसी से तुरंत कार्रवाई की मांग की है।
लोगों का कहना है कि या तो इन गड्ढों को भर दिया जाए, या फिर पाइपों को नालियों से जोड़ा जाए ताकि पानी का सही निकास हो सके। साथ ही, नियमित सफाई और रखरखाव की व्यवस्था की जाए ताकि यह क्षेत्र स्वच्छ बना रहे।
Read more- तुलसी विवाह 2025 में कब करें पूजा? जानें सही तिथि और गोधूलि बेला का शुभ समय
फ्लाईओवर बना सिरदर्द
रांची में ट्रैफिक जाम से राहत देने के उद्देश्य से बनाए गए फ्लाईओवर अब रखरखाव की कमी के कारण नई परेशानी का सबब बन गए हैं। यदि नगर निगम और प्रशासन ने समय रहते ध्यान नहीं दिया, तो आने वाले दिनों में यह समस्या और बढ़ सकती है।












