Jharkhand News: शनिवार की सुबह हैदरनगर हाई स्कूल के मैदान में गोली चलने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, दो बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने एक युवक को गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। घटना में घायल युवक की पहचान नीरज चंद्रवंशी उर्फ मंटू (22 वर्ष) के रूप में हुई है।
अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर
गोली लगने के बाद स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल नीरज को तुरंत हैदरनगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार युवक की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों का बयान
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नीरज का घर हाई स्कूल मैदान के ठीक सामने है। घटना सुबह करीब साढ़े सात से आठ बजे के बीच की बताई जा रही है। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक अपराधी फरार हो चुके थे।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही हैदरनगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के इलाकों में छापेमारी अभियान चलाया है। फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
लगातार हो रही फायरिंग से दहशत
बताते चलें कि शुक्रवार रात शहर थाना क्षेत्र के मुस्लिम नगर में भी दो युवकों द्वारा हवाई फायरिंग की गई थी। उसके कुछ घंटे बाद ही शनिवार सुबह यह घटना हुई, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल फैल गया है।







