Jharkhand: झारखंड विधानसभा चुनाव के दौरान घाटशिला सीट पर सियासी संग्राम तेज हो गया है। भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन के खिलाफ सोशल मीडिया पर वायरल हुए AI जनरेटेड फर्जी पोस्ट्स को लेकर अब पुलिस हरकत में आ गई है। इस मामले में घाटशिला थाना कांड संख्या 75/2025 के तहत कई गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।
जानकारी के अनुसार, इन फर्जी पोस्ट्स के जरिए न सिर्फ बाबूलाल सोरेन की छवि को धूमिल करने की कोशिश की गई, बल्कि मतदाताओं को गुमराह कर चुनावी माहौल को प्रभावित करने की साजिश भी रची गई।
भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन ने कहा कि यह सब एक “सोची-समझी साजिश” के तहत किया जा रहा है ताकि जनता के बीच उनके बढ़ते समर्थन को कमजोर किया जा सके। उन्होंने साफ कहा कि “AI तकनीक का गलत इस्तेमाल कर लोकतंत्र को चोट पहुँचाने की कोशिश हो रही है।”

भाजपा की तीखी प्रतिक्रिया
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा प्रवक्ता अजय साह ने कहा कि घाटशिला में अपनी हार निश्चित देखकर जेएमएम अब फर्जीवाड़े और दुष्प्रचार का सहारा ले रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जेएमएम के आईटी सेल और उससे जुड़े फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए बाबूलाल सोरेन के खिलाफ झूठ फैलाया जा रहा है।
अजय साह ने कहा,
“जिस पार्टी के पास अपने काम गिनाने को कुछ नहीं है, वह अब विपक्षी नेताओं की छवि खराब करने में जुट गई है। जनता जेएमएम सरकार के छह साल के कुशासन से तंग आ चुकी है, और अब सच के सामने झूठ की राजनीति नहीं टिक पाएगी।”
भाजपा की मांग – कठोर कार्रवाई हो
भाजपा ने निर्वाचन आयोग और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि फर्जी AI कंटेंट बनाने और प्रसारित करने वालों की तुरंत पहचान कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही, ऐसे सभी भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्ट्स को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से तत्काल हटाने की भी मांग की गई है।
पार्टी ने कहा कि चुनावी शुचिता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए ऐसे साइबर अपराधों पर सख्त कार्रवाई जरूरी है।
जनता के बीच बाबूलाल सोरेन को मिल रहा समर्थन
भाजपा ने स्पष्ट कहा कि घाटशिला की जनता सच्चाई और सेवा की राजनीति के साथ है।
“जनता बाबूलाल सोरेन के साथ मजबूती से खड़ी है, और यही जेएमएम की बौखलाहट का सबसे बड़ा कारण है,”
भाजपा नेताओं ने कहा।












