Jharkhand News: झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले में स्थित सारंडा जंगल एक बार फिर नक्सल हिंसा की चपेट में आ गया है। जराईकेला थाना क्षेत्र के मारंगपोगा और तेताई के बीच स्थित इलाके में शुक्रवार को सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच जोरदार मुठभेड़ हुई। यह मुठभेड़ लगभग 45 मिनट से एक घंटे तक चली।
सूत्रों के अनुसार, इस दौरान कोबरा बटालियन के जवानों और नक्सलियों के बीच कई राउंड गोलीबारी हुई। प्रारंभिक रिपोर्ट में कहा गया है कि नक्सलियों को भारी नुकसान हुआ है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है।
चाईबासा एसपी ने अभियान जारी रहने की पुष्टि की
चाईबासा के एसपी अमित रेणु ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है। उन्होंने नक्सलियों से आत्मसमर्पण कर सरकार की पुनर्वास योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है।
सूत्रों का कहना है कि सुरक्षाबलों ने मौके से कुछ हथियार बरामद किए हैं, लेकिन फिलहाल बरामदगी के विवरण साझा नहीं किए गए हैं।
अनल दस्ता और मिसिर बेसरा गिरोह सक्रिय
यह वही क्षेत्र है, जहां करोड़ों के इनामी नक्सली अनल दस्ता और मिसिर बेसरा की मौजूदगी की जानकारी पहले से है। बताया जा रहा है कि मुठभेड़ के समय अनमोल, असीम मंडल, चमन और अजय महतो जैसे कुख्यात नक्सली नेता भी इलाके में सक्रिय थे।
सुरक्षा बलों ने अब पूरे क्षेत्र में कड़ी तलाशी और सर्च अभियान शुरू कर दिया है ताकि नक्सलियों के ठिकाने, नेटवर्क और संभावित सहयोगियों का पता लगाया जा सके।
इलाके में तनाव, रुक-रुककर जारी है गोलीबारी
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मुठभेड़ के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। कई जगहों पर रुक-रुककर गोलीबारी जारी है। पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने क्षेत्र में चौकसी बढ़ा दी है, ताकि स्थिति पर पूरी तरह नियंत्रण रखा जा सके।
एसपी ने कहा कि “कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”












