Career News: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने झारखंड पात्रता परीक्षा (JET) 2025 के लिए 43 मौजूदा विषयों के साथ आठ कोर विषयों के अंतर्गत 15 नये एलाइड विषयों को जोड़ा है। इसके साथ ही आयोग ने आवेदन की अंतिम तिथि भी बढ़ा दी है।
पहले ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 17 नवंबर 2025 निर्धारित थी, जिसे अब बढ़ाकर 1 दिसंबर 2025 कर दिया गया है। वहीं, परीक्षा शुल्क भुगतान की अंतिम तिथि 2 दिसंबर 2025 और ऑनलाइन फॉर्म संशोधन विंडो 3 दिसंबर से 5 दिसंबर 2025 तक खुली रहेगी।
JET 2025 में शामिल किये गये नये एलाइड विषय
नवीनतम अधिसूचना के अनुसार आयोग ने निम्नलिखित कोर विषयों के तहत नये एलाइड विषय शामिल किए हैं —
- लाइफ साइंस (कोड 703): बायोटेक्नोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी इन लाइफ साइंस, बायोइंफॉर्मेटिक्स, बायोकैमिस्ट्री, बायोसाइंस
- इतिहास (कोड 06): आर्कियोलॉजी
- लेबर एंड सोशल वेलफेयर (सोशल वर्क) (कोड 55): रूरल डेवलपमेंट
- होम साइंस (कोड 12): CND, टेक्सटाइल एंड फैशन डिजाइनिंग
- फिजिकल साइंस (फिजिक्स) (कोड 705): इलेक्ट्रॉनिक्स साइंस
- भूगर्भशास्त्र (कोड 702): जियोफिजिक्स इन अर्थ, एटमॉसफेरिक, ओसिएन एंड प्लानेटरी साइंस
- परफॉर्मिंग आर्ट (डांस/ड्रामा/थिएटर) (कोड 65): थिएटर आर्ट
- कंप्यूटर साइंस एंड एप्लीकेशन (कोड 87): कंप्यूटर एप्लीकेशन
नये विषयों के लिए दिशा-निर्देश
आयोग ने बताया है कि एलाइड विषय के अभ्यर्थी संबंधित कोर विषय के अंतर्गत परीक्षा में शामिल होने के पात्र होंगे, बशर्ते उन्होंने सीएसआईआर-यूजीसी/यूजीसी नेट या अन्य मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय/संस्थान से संबंधित योग्यता प्राप्त की हो।
जो अभ्यर्थी पहले ही आवेदन कर चुके हैं, वे संशोधन विंडो के दौरान अपने फॉर्म में एलाइड विषय के अनुसार सुधार कर सकते हैं।













