Jharkhand News: धनबाद में रविवार की देर शाम बरवाअड्डा थाना क्षेत्र स्थित बाजार समिति में व्यापारी श्याम भीमसरिया पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने फायरिंग कर चार लाख रुपये लूट लिए। इस घटना से आक्रोशित व्यापारियों ने सोमवार को बाजार समिति की सभी 417 दुकानें बंद रखीं और मुख्य द्वार पर धरना-प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने प्रशासन से अपराधियों की तुरंत गिरफ्तारी और लूटी गई रकम की बरामदगी की मांग की।
व्यापारियों का कहना है कि हाल के दिनों में व्यवसायियों पर हमलों की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे पूरा व्यापारी समुदाय असुरक्षित महसूस कर रहा है। जिलेभर के व्यापारी संगठनों ने इस धरने में हिस्सा लिया।
धरना स्थल पर पहुंचे धनबाद सांसद ढुल्लू महतो ने कहा अपराधियों का मनोबल बढ़ गया है। प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए ताकि ऐसी घटनाओं पर लगाम लग सके।
वहीं झरिया विधायक रागिनी सिंह ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा जब भी सदन में अपराध और कानून-व्यवस्था का मुद्दा उठाया जाता है, सरकार माइक बंद कर देती है। अब स्थिति नियंत्रण से बाहर होती जा रही है।
निवर्तमान मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने कहा मंडी परिसर में तत्काल सीसीटीवी कैमरे, टॉप पुलिस पोस्ट और टाइगर जवानों की तैनाती जरूरी है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
वहीं जिला चैम्बर अध्यक्ष चेतन गोयंका ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा व्यापारियों की सुरक्षा के लिए स्थायी समाधान निकालना होगा। रोजाना 7-8 करोड़ रुपये का कारोबार करने वाले मंडी परिसर में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होना चिंताजनक है।
इस घटना के विरोध में हुए बंद से करीब 7-8 करोड़ रुपये का व्यापारिक नुकसान हुआ है। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा












