Bihar News: एनडीए विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद बुधवार शाम नीतीश कुमार राजभवन पहुंचे और राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को अपना इस्तीफ़ा सौंप दिया। राजभवन पहुंचने पर राज्यपाल ने उन्हें चुनाव जीतने और विधायक दल का नेता बनने पर बधाई दी, जिसके बाद उनके इस्तीफ़े को मंजूरी दे दी गई। राज्यपाल ने निर्देश दिया कि नई सरकार के गठन तक नीतीश कुमार कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में काम करते रहेंगे।
गुरुवार को गांधी मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे
एनडीए विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद नीतीश कुमार गुरुवार को गांधी मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। सरकार गठन का दावा पेश करते हुए उन्होंने NDA विधायकों की सूची भी राज्यपाल को सौंप दी। इस दौरान एनडीए के सभी प्रमुख सहयोगी दलों के नेता उनके साथ मौजूद थे।
Read more- Big Breaking: झरिया में दिनदहाड़े युवक को खोपड़ी में मारी गोली, इलाके में दहशत
जदयू ने नीतीश कुमार को बनाया विधायक दल का नेता
बिहार विधानसभा के सेंट्रल हॉल में हुई बैठक में एनडीए के सभी नवनिर्वाचित विधायक तथा कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। बैठक में सर्वसम्मति से नीतीश कुमार को एनडीए विधायक दल का नेता चुन लिया गया और बड़े नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएँ दीं। इससे पहले भाजपा और जदयू दोनों ने अलग-अलग बैठकें कीं, जिनमें भाजपा ने सम्राट चौधरी को नेता और विजय कुमार सिन्हा को उपनेता चुना, जबकि जदयू ने नीतीश कुमार को विधायक दल का नेता चुना।












