Viral News: मेरठ जिले के सरधना थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के कुछ ही घंटों बाद दूल्हा रहस्यमयी तरीके से गायब हो गया। चार दिन बीत जाने के बाद भी परिवार और पुलिस को उसकी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और लोग तरह–तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।
कहां का मामला?
ये घटना सरधना के मोहल्ला ऊंचापुर की है। यहां रहने वाले सईद के बेटे मोहसिन उर्फ मोनू की शादी खतौली निवासी एक युवती से हाल ही में हुई थी। निकाह की रस्में पूरी होने के बाद दुल्हन पहली बार ससुराल पहुंची।
Read More: अंधविश्वास के कारण 65 साल की महिला की हत्या, खदान से मिली लाश
सुहागरात पर अचानक गायब हुआ दूल्हा
परिजनों के अनुसार, सुहागरात के दौरान दुल्हन ने कमरे में तेज रोशनी की शिकायत की और कम रोशनी वाला बल्ब लगाने को कहा। इसी दौरान रात लगभग 12 बजे मोहसिन बल्ब लाने के लिए कमरे से बाहर निकला, लेकिन उसके बाद वह वापस नहीं लौटा।
रातभर इंतजार के बाद दुल्हन ने इसकी जानकारी परिवार को दी। परिजनों ने अपने स्तर पर पूरी रात तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
दो बहनों की शादी भी उसी दिन थी
घर में मोहसिन की दो बहनों का भी निकाह था। भाई के गायब होने की सूचना से परिवार सदमे में था, लेकिन कार्यक्रम के चलते दोनों बहनों की शादी किसी तरह पूरी कराई गई।
गंगनहर के पास CCTV में दिखा दूल्हा
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज में मोहसिन गंगनहर के किनारे होते हुए जाता दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने उस इलाके में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया।
- गोताखोरों की मदद से पानी में भी तलाशी ली गई
- आसपास के गांवों और राहगीरों से पूछताछ जारी है
फिर भी अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
पुलिस क्या कह रही है?
सरधना के सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि मामला गंभीर है और हर एंगल से जांच की जा रही है। परिवार, रिश्तेदारों और आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है। पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है।













