Crime News: यूपी के मेरठ में परतापुर क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर एक हफ्ते पहले मिली युवक की लाश के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जिसे हादसा समझा जा रहा था, वह दरअसल सोची-समझी हत्याकांड की साज़िश थी। पुलिस ने हत्या के आरोप में मुख्य आरोपी हनी उर्फ विनीत आनंद को गिरफ्तार कर लिया है।
कैसे हुआ पूरा खुलासा?
25 नवंबर को मोहकमपुर रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिला था। शिनाख्त मलियाना निवासी राजू उर्फ राजकुमार के रूप में हुई। राजू के भाई पप्पू की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) की जांच में आखिरी कॉल हनी उर्फ विनीत का मिला, जो घटना के समय राजू के साथ देखा गया था।
हनी की लोकेशन भी घटना स्थल के आसपास पाई गई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां सख्ती के बाद उसने हत्या की बात कबूल कर ली।
गर्लफ्रेंड की बेइज्जती का बदला
आरोपी ने पुलिस को बताया कि लगभग डेढ़ साल पहले उसकी राजू से कहासुनी हुई थी और तब से वह नाराज़ था। कुछ दिन पहले शराब के नशे में राजू ने हनी की गर्लफ्रेंड के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी थी। इसी से गुस्से में उसने हत्या की साजिश रच डाली।
इस तरह दिया वारदात को अंजाम
- हनी ने 25 नवंबर को फोन कर राजू को मोहकमपुर रेलवे ट्रैक के पास बुलाया।
- राजू पहले से नशे में था, हनी ने उसे और शराब पिलाई।
- मौका पाकर उसने पास रखी ईंट से राजू का सिर कुचल दिया।
- राजू की मौत सुनिश्चित होने पर वह शव को रेलवे ट्रैक पर फेंककर दुर्घटना जैसा दिखाने की कोशिश करता रहा।
- राजू का मोबाइल फोन छिपाने के लिए उसने उसे नाले में फेंक दिया।
कॉल डिटेल और लोकेशन से पुलिस को मिली सफलता
राजू के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगाने के बाद जिस नंबर पर लगातार कॉल हुई थी, वह हनी का निकला। लोकेशन भी घटना स्थल से मैच हुई। इसी आधार पर आरोपी तक पहुंचकर पुलिस ने पूरी साजिश का पर्दाफाश किया।
आरोपी जेल भेजा गया
एसपी सिटी के अनुसार, आरोपी हनी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।












